कांग्रेसियों ने घुटने टेके: अब चलाएंगे साइकिल

फर्रुखाबाद। (एफबीडी न्यूज़) आखिरकार कांग्रेसियों ने घुटने टेक कर सपा की साइकिल चलाने का मन बना लिया है। बीते सप्ताह तक कांग्रेसी नेता पूर्व विदेश मंत्री सलमान खुर्शीद को टिकट मिलने की उम्मीद में गठबंधन की सपा से दूरी बनाए थे। बताया जाता है कि सपा नेतृत्व की ओर से कांग्रेस नेतृत्व को जिले के कांग्रेसियों के निष्क्रिय होने की शिकायत की गई थी। तभी कांग्रेस नेतृत्व की ओर से जिले के पदाधिकारी को डांट लगाकर सपा प्रत्याशी का चुनाव प्रचार करने की हिदायत दी । अब भले ही कांग्रेसी नेता सपा का खुलकर प्रचार न करें लेकिन वह खुलेआम बगावत भी नहीं कर पाएंगे।

सपा की ओर से आज फर्रुखाबाद बाईपास स्थित गेस्ट हाउस में सपा के केंद्रीय चुनाव कार्यालय में गठबंधन की संयुक्त प्रेस वार्ता हुई। जिसमें कांग्रेसी नेताओं के साथ अन्य घटक दलों के नेताओं ने भाजपा सरकार की आलोचना करते हुए सपा प्रत्याशी डॉक्टर नवल किशोर शाक्य को भारी बहुमत से चुनाव जिताने की बात कही।
सपा प्रत्याशी डॉक्टर नवल किशोर शाक्य ने मीडिया को बताया कि सांसद बन जाने के बाद पूरा वेतन गरीब व बेसहारा बच्चों की शिक्षा पर खर्च करेंगे। उन्होंने आलू उत्पादन वाले प्रमुख जिले में अभी तक आलू पर आधारित कोई फैक्ट्री न लगने पर नाराजगी जाहिर की।

जरदोजी व्यवसाय को सरकार का संरक्षण न मिलने पर आश्चर्य व्यक्त करते हुए जिले की बदहाल ट्रांसपोर्ट व्यवस्था सुधारने को वादा किया। उन्होंने कताई मिल के बंद हो जाने के बाद कर्मचारियों की भुखमरी पर चिंता व्यक्त करते हुए हुए कहा कि चीनी मिल की हालात बदहाल है। लोहिया अस्पताल में घातक इनफेक्शन आदि बीमारियों के डॉक्टर न होने की जानकारी देते हुए कहा कि ऐसे मरीजों की जान जा सकती है।

कैमरामैन से बदसलूकी

प्रेस वार्ता के दौरान सवाल पूछने को लेकर कैमरामैन से जन अधिकार मंच के कार्यकर्ता ने बदसलूकी कर दी। कैमरामैन को घसीट कर गेस्ट हाउस के बाहर ले जाने का प्रयास किया गया। शिकायत मिलने पर मऊदरवाजा थाना अध्यक्ष अमित गंगवार मौके पर पहुंचे। गेस्ट हाउस में काफी देर तक गहमा गहमी के दौरान विवाद को शांत किया गया।