भाजपा प्रत्याशी रघुराज शाक्य ने नेताजी को भगवान बताकर अखिलेश को झूठा बताया

फर्रुखाबाद। (एफबीडी न्यूज़) भाजपा प्रत्याशी रघुराज सिंह शाक्य ने दिवंगत नेताजी मुलायम सिंह यादव को भगवान स्वरूप बताते हुए शिवपाल सिंह को गुरु बताया है। श्री शाक्य ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव को झूठा करार दिया है। सूबे के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से आशीर्वाद लेने वाले रघुराज शाक्य ने कई मीडिया चैनलों को बेबाकी से जवाब दिये है।

श्री शाक्य ने पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव को राजनीतिक गुरु एवं उससे भी बढ़कर भगवान स्वरूप बताकर नेताजी का बेहद सम्मान किया है। उन्होंने पूर्व काबीना मंत्री शिवपाल सिंह यादव को गुरु बताते हुए कहा है कि मेरे चुनाव जीतने पर गुरु को काफी खुशी होगी। विभीषण बनकर लंका जीतने के सवाल पर श्री शाक्य ने बताया कि हम विभीषण नहीं है मैनपुरी लंका नहीं है कर्मभूमि है।

नेगेटिव सोच को नकारते हुए कहा कि हम पॉजिटिव सोच रखकर खुश रहने में विश्वास रखते हैं। भाजपा को सबसे बड़ी व मजबूत पार्टी बताते हुए श्री शाक्य ने मैनपुरी के चुनाव को बड़ा न मानते हुए कहा कि हौसले बड़े होने चाहिए। मतदान के दिन मैनपुरी की जनता सही निर्णय लेगी। परिवारवाद के सवाल पर श्री शाक्य ने कहा अब परिवारवाद केवल सैफई में रह गया है प्रदेश के अन्य सभी किले ढह गए हैं।

प्रधानमंत्री मोदी के व्यक्तित्व की प्रशंसा करते हुए कहा कि पीएम ने नेताजी को वाकओवर दिया था यह बात सभी लोग जानते हैं। अखिलेश यादव पर अपनी बात से बदल जाने का आरोप लगाते हुए श्री शाक्य ने कहा कि अखिलेश ने घोषणा की थी कि डिंपल को चुनाव नहीं लड़ाएंगे।

चुनाव जीतने से पूर्ण आश्वस्त श्री शाक्य ने बताया कि मुझे बहुजन समाज पार्टी का भी सहयोग मिलेगा। टिकट की घोषणा होते ही भाजपा प्रत्याशी रघुराज शाक्य का फूल मालाओं से जोरदार स्वागत किया गया टिकट मिलने की भी बधाइयां दी गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *