जिले को 30 26 करोड़ के एमओयू: सम्मानित किए गए आधा दर्जन व्यापारी

फर्रुखाबाद। (एफबीडी न्यूज) जिले को 30 26. 62 करोड़ के एमओयू मिलने पर प्रशासन ने राहत महसूस की है। जिला मुख्यालय पर इन्वेस्टर मीट की बैठक में जिलाधिकारी मुख्य विकास अधिकारी आदि अधिकारियों के अलावा सांसद मुकेश राजपूत विधायक सुशील सिंह नागेंद्र सिंह राठौर मौजूद रहे। बैठक में सभी उद्यमियों एवं व्यापारियों को जिले में स्थापित हो सकने वाली उद्योग निवेश की संभावनाओं आदि के विषय में अवगत कराया गया।

जिला उद्योग प्रोत्साहन तथा उद्यमिता विकास केंद्र फर्रुखाबाद की ओर से जिले में निवेश को प्रोत्साहित करने तथा उद्यमियों को सुगमता हेतु प्रदेश सरकार द्वारा बनाए गए निवेश मित्र पोर्टल, ओडीओपी मार्ट, सिंगल विंडो स्कीम, औद्योगिक लैंड बैंक आदि के बारे में व्यापक जानकारी दी गई। जिला कृषि विभाग की ओर से योजनाओं के बारे में अवगत कराया गया।

जिला पर्यटन विभाग की ओर से जारी की गई नवीन यूपी पर्यटन पाल्सी 2022 के संबंध में भी बताया गया। जनपद में अब तक कुल 96 प्रस्ताव 2214. 62 करोड ऑनलाइन प्राप्त हुए हुए हैं 40 प्रस्ताव 812. 42 करोड के एमओयू निवेश सारथी पर किए जा चुके हैं। इस निवेश से जिले के 6160 व्यक्तियों को रोजगार मिलने की संभावना व्यक्त की गई। सांसद मुकेश राजपूत ने उद्यमियों एवं व्यापारियों से अनुरोध किया कि वे जिले में आलू स्टार्च से संबंधित उद्योगों में अधिक से अधिक निवेश करें।

बैठक में डॉ अनार सिंह मनोज अग्रवाल मिथिलेश अग्रवाल अरविंद पांडे रोहित गोयल अशोक कुमार उपाध्याय रोहित गुप्ता आदि व्यापारी मौजूद रहे। इसी दौरान एमओयू करने वाले आधा दर्जन व्यापारियों को सम्मानित किया गया। जिनमें रोहित कुमार गुप्ता पीवीसी पाइप हेतु 50 करोड, अरविंद पांडे बेस्ट टायर रिसाइकिल उद्योग हेतु 733 करोड़, जतिन गुप्ता कोल्ड स्टोरेज हेतु 15 करोड, अनुज शर्मा पीवीसी पाइप उद्योग हेतु 50 करोड,

श्रीमती मुन्नी देवी पिग इंडस्ट्री हेतु 10 करोड़ एवं जियाउल हक के डिस्पोजल प्रोडक्ट हेतु 2 करोड़ के प्रस्ताव शामिल हैं।