बिजली करंट से झुलसे लाइनमैन की मौत होजाने से शोक की लहर: मदद ना होने से कर्मचारियों में रोष

फर्रुखाबाद। (एफबीडी न्यूज़) बिजली करंट से झुलसे लाइनमैन विपिन कुमार की मौत हो जाने से विभाग में शोक की लहर दौड़ गई। साथियों में पीड़ित परिवार की विभाग एवं कार्यदाई संस्था द्वारा कोई मदद न किए जाने से जबरदस्त रोष व्याप्त हो गया है। विद्युत उपकेंद्र हजियापुर पर तैनात लाइनमैन विपिन कुमार 30 दिसंबर को 11 हजार की हाईटेंशन लाइन पर कार्य कर रहा था उसी दौरान करंट के चपेट में आने से लाइनमैन विपिन कुमार बुरी तरह झुलस गया था।

विपिन का जयनारायण वर्मा रोड फतेहगढ़ के केपी सिंह हॉस्पिटल में इलाज चल रहा था। कुछ समय पहले विपिन के उल्टा हाथ और सीधे हाथ की एक उंगली काटी गई थी। जिसमें कार्यदाई संस्था तथा विभाग द्वारा कोई भी सहयोग नहीं किया गया था। उक्त कर्मचारी को समस्याओं को ध्यान में रखते हुए उत्तर प्रदेश पावर कारपोरेशन निविदा संविदा कर्मचारी संघ के जिम्मेदार पदाधिकारियों द्वारा समस्त पदाधिकारियों तथा कर्मचारियों से हर संभव सहयोग कर मदद देने का आह्वान किया गया था।

घायल कर्मचारी का सहयोग प्रत्येक कर्मचारी ने किया था। संगठन के जिलाध्यक्ष राम किशन कोषाध्यक्ष लाल मियां महामंत्री विष्णु सिंह एकत्र चंदे से कर्मचारी की मां को धनराशि भेंटकर सहयोग किया था। कर्मचारी नेताओं ने पीड़ित महिला को आगे भी हर संभव सहयोग करने का आश्वासन दिया था। यह जानकारी देते हुए संघ के महामंत्री विष्णु सिंह ने बताया लाइनमैन विपिन कुमार जीवन और मौत से जंग लड़ते-लड़ते हार गए।

बीती रात करीब 3 बजे हम सभी के द्वारा किया गया अथक प्रयास विफल रहा। हम सब विपिन को नहीं बचा सके उनका स्वर्गवास हो गया वह वीरगति को प्राप्त हो गए।