अवैध संबधों के शक में युवक ने पत्नी को गोली से उड़ाया : फांसी लगाकर स्वंय भी दे दी जान

फर्रूखाबाद।(एफबीडी न्यूज) अवैध संबधों के शक में युवक सतेन्द्र कुमार पाल ने पत्नी को गोली से उडाकर फांसी लगाकर जान दे दी। सतेन्द्र थाना नवाबगंज के ग्राम बघौना निवासी यदुवीर सिंह का 30 वर्षीय पुत्र था। उसका बीते पखवारे पूर्व पत्नी रिंकी से काफी विवाद हुआ। प्रधान आदि ग्रामीणों ने दोनों में समझौता करा दिया। बताया गया कि बीते दिन दंपति बाजार करने गये थे। शाम खाना बनने के दौरान पति पत्नी में विवाद होने लगा।
चीखा पुकारी मचने पर बेटा आयुष लेटने बाबा यदुवीर के कमरे में चला गया। यदुवीर भी अपने कमरे में लेटने चले गये। आज सुबह जब यदुवीर जानवरों को चारा डालने के लिये उठे तो उन्होने पुत्र व पुत्रवधू को न देखकर उनके कमरे का दरवाजा खटखटाया। आबाज न आने पर जंगले से झांककर कमरे में देखा तो सतेन्द्र पत्नी के स्टॉल से फांसी पर लटक रहा था। यह देखकर परिजनों में कोहराम मच गया।
ग्राम प्रधान ने रिंकी के मायके थाना मेरापुर के ग्राम महमदपुर निवासी पिता हूकुम सिंह को सूचना दी। पीआरबी ने दरवाजा तोडा तो कमरे में रिंकी भी मृत पडी थी, उसके सीने में गोली लगी थी। पुलिस को मौके पर हत्या में प्रयोग किया गया शस्त्र नही मिला।
रिंकी के मायके वालों ने आरोप लगाया कि दहेज की मांग को लेकर सतेन्द्र बेटी को प्रताडित करता था। रिंकी की मां नीता देवी की तहरीर पर पुलिस ने देर शाम पंचनामा की कार्रवाई शुरू की। रिंकी के पिता आगरा में होने के कारण शाम 4 बजे पहुंचे। पुलिस प्रेमप्रसंग में रिंकी की हत्या मान रही है। पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने बताया कि मामले की रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है।