शाक्य समाज का फैसला: समाज के जिताऊ प्रत्याशी को चुनाव लड़ाकर जिताएंगे

फर्रुखाबाद (एफबीडी न्यूज़) 27 सितंबर 26। शाक्य कुशवाहा मौर्य सैनी समाज की आज मिशन 2027 की बैठक में सर्व सम्मति से तय किया गया कि समाज के जिताऊ प्रत्याशी को दमदारी से चुनाव लड़ाकर जितायेंगे। नगर के रस्तोगी धर्मशाला में भदंत विजय सोम इंटर कालेज संकिसा के प्रधानाचार्य राजीव शाक्य द्वारा आयोजित बैठक में समाज के संभ्रांत व्यक्तियों ने विधानसभा चुनाव में समाज के व्यक्ति को चुनाव जितने के लिए अपने-अपने सुझाव दिए। सदर विधानसभा से सपा के प्रबल दावेदार नागेंद्र सिंह शाक्य ने कहा कि समाज के लोगों में जागरूकता है। लेकिन समाज में ऐसा कोई व्यक्ति नहीं जो लोगों को हाथ पकड़ कर आगे बढ़ाना सिखाएं।

उन्होंने अपने लोकसभा चुनाव में सभी लोगों का सहयोग मिलने पर खुशी जाहिर करते हुए कहा सपा बसपा भाजपा जिस सजातीय व्यक्ति को टिकट दे उसको हम सभी लोगों को तन मन धन से चुनाव लड़ाकर जिताना चाहिए। उन्होंने कहा कि सपा समाज के अधिक लोगों को टिकट देगी और लड़ाई भाजपा से होगी।
श्री शाक्य ने कहा कि हम लोगों को इस बात को ध्यान में रखना होगा कि सम्राट अशोक के विचारों को किस पार्टी ने आगे बढ़ाया है।
अमृतपुर विधानसभा से भाजपा के उम्मीदवार अवनीश शाक्य ने समाज के लोगों को सतर्क करते हुए कहा के बीते नवाबगंज नगर पंचायत के चुनाव में समाज के सभी उम्मीदवार चुनाव हार गए हैं।

अब हम लोगों को ऐसी गलती नहीं करनी है, हम लोगों को विधानसभा में जिताऊ प्रत्याशी को ही चुनाव लड़ाकर जिताने का प्रयास करना चाहिए। कमजोर नेता समाज का भला नहीं कर सकता, हम लोगों को जुझारू संघर्षशील नेता की जरूरत है। कार्यक्रम के आयोजक एवं सदर विधानसभा से सपा के प्रबल उम्मीदवार प्रधानाचार्य राजीव शाक्य ने आगंतुकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मैंने आगे कदम बढ़ाया है हर प्रकार से सहयोग करें। धर्म के प्रचार के साथ ही सत्ता पर भी पकड़ जरूरी है आने वाली पीढ़ी को मजबूत करना पड़ेगा। उन्होंने बताया की बच्चों की शिक्षा के कारण वह अभी तक राजनीति में सक्रिय नहीं हो सके मार्च में सेवानिवृत्त हो जाने के बाद पूरा समय समाज सेवा में लगाएंगे।

मैंने पिता स्वर्गीय लाल बहादुर शाक्य के अधूरे सपने को पूरा करने का बीड़ा उठाया है। जन अधिकार पार्टी के कैप्टन प्रभात शाक्य ने कहा कि समाज के लोगों ने सपा भाजपा एवं बसपा की सरकार बनवाई। अब लोगों को अपनी जगह खोजने के लिए सोचा होगा। आलू आढ़ती रामौतार शाक्य बड़बोले नेताओं की क्लास लगाते हुए कहा कि लोग बातें लंबी करते हैं परन्तु धरातल पर काम नहीं करते। नेताओं को लोगों के पास जाकर राजनीति के अलावा शिक्षा एवं खेती के बारे में जानकारी देनी चाहिए। प्रधान पुत्र अभिषेक शाक्य ने बताया कि अस्पताल में भीड़ होने के कारण भाई डॉक्टर नवल किशोर नहीं आ पाएंगे।

उन्होंने कहा कि समाज प्रतिदिन पीछे जा रहा है सुनयोजित ढंग से समाज में वायरस डाला गया है कि शाक्य समाज एक नहीं हो सकता है, यह वाइरस अभी भी काम कर रहा है। चुनाव में धांधलियों के लिए आयोग के अध्यक्ष ज्ञानेश की आलोचना करते हुए कहा कि जब तक दो-चार लोग मर नहीं जाएंगे वह इस्तीफा नहीं देंगे। नीट परीक्षा में नकल एवं जंतर मंतर के आंदोलन की चर्चा करते हुए कहा कि भाजपा सरकार तानाशाह हो गई है। उन्होंने कहा कि समाज की सेवा करने वाले अच्छे प्रत्याशी के बीच में लोग खड़े हो जाते हैं। अच्छे प्रत्याशी को मजबूत करने की सभी लोगों की जिम्मेदारी है।

जन अधिकार पार्टी के मंडल अध्यक्ष स्वदेश शाक्य ने कहा कि हम लोगों को तन मन धन से समाज के प्रत्याशी को चुनाव लड़ना चाहिए। शिक्षक सुब्रत शाक्य ने कहा कि हम लोगों को संकल्प लेना चाहिए कि जिसको टिकट मिले उसे तन मन ढंग से चुनाव लड़ायेंगे। उन्होंने चुनाव के दौरान समाज के लोगों के द्वारा प्रत्याशी की टांग खींचे जाने पर चिंता जाहिर की। प्रधानाचार्य राजीव शाक्य के पुत्र यश कुशवाहा ने बच्चों को शिक्षित कर आगे बढ़ाने की सलाह दी। फौजी वेदराम शाक्य ने जीवन सुधारने के लिए विपश्यना करने पर जोर दिया। शिक्षिका किरन शाक्य ने बताया कि महिलाओं की बिना भागीदारी के यह बैठक का अधूरी है। अकेले आने वाले पुरुषों को परिवार की महिलाओं को लाना चाहिए था।

इसीलिए समाज पिछड रहा है। समाज की महिलाएं सामाजिक कार्यक्रम में शामिल न होकर भंडारा कार्यक्रमों में ज्यादा दिखती है।उन्होंने इस बात पर दुख व्यक्त किया कि मैं करीब एक घंटे से कार्यक्रम में अकेली बैठी थी। शिक्षक शिवकुमार शाक्य इस बात पर अफसोस किया कि जहां मैं ड्यूटी करता हूं वहां समाज के लोग मिलने तक नहीं आते हैं। इस कार्यक्रम में भी लोग नहीं आए हैं जिनको आना चाहिए था। बिना सामाजिक कार्यक्रमों में भाग लिए समाज के लोग कैसे जागरूक होंगे। यादव सिंह शाक्य एडवोकेट ने कहा कि हम लोगों को बयान बाजी के बजाय धरातल पर काम करना चाहिए। उन्होंने समाज के नेता दयाराम शाक्य एवं लाल बहादुर शाक्य को राज्यसभा एवं विधान परिषद का सदस्य न बनाए जाने पर अफसोस जाहिर किया।

उन्होंने समाज के प्रत्याशी को दमदारी से चुनाव लड़ा कर जिताने को कहा। शिक्षक देवेंद्र सिंह शाकय ने कहा कि सपा नेतृत्व पर बिना दबाव बनाए किसी शाक्य को टिकट मिलना मुश्किल है इसके लिए समाज के लोगों को सामूहिक रूप से ताकत दिखानी पड़ेगी। उन्होंने कहा कि यदि स्थानीय के अलावा बाहरी व्यक्ति को टिकट दिया तो इसका बहिष्कार किया जाना चाहिए। उन्होंने इंटर पास करने वाले समाज के युवकों को ट्रस्ट के माध्यम से निशुल्क ट्यूशन देने का वादा किया। बृजेश कुशवाहा एडवोकेट ने कहा कि समाज के लोगों का राजनीति का नेतृत्व किए बिना कल्याण नहीं होने वाला है।

बैठक में पत्रकार आनंद भान शाक्य, विजय बहादुर कुशवाहा, राम रतन लाल शाक्य, नीरज प्रताप शाक्य, पूर्व सभासद रविंद्र शाक्य उर्फ बबलू, आशीष कुशवाहा, पूर्व प्रधान संजीव कुमार शाक्य, सुमित कुमार शाक्य, संजय सिंह शाक्य एडवोकेट, नरेंद्र सिंह शाक्य, राजीव कुमार शाक्य, डॉ सत्यपाल कुशवाहा, ज्ञानेश प्रताप सिंह, अमर सिंह शाक्य, राधेश्याम शाक्य, राजकमल शाक्य अखिलेश शाक्य, संतोष शाक्य, अर्पित शाक्य, महावीर शाक्य, घनश्याम शाक्य, रामवीर शाक्य, मुकेश शाक्य, विजय शाक्य, अंचल सिंह कुशवाहा आदि ने विचार व्यक्त किया। सभी लोगों ने समाज के जिताऊ प्रत्याशी को चुनाव जिताने का आवाहन किया।

बैठक में डॉक्टर विजयपाल सिंह, पूर्व प्रधानाचार्य प्रताप बहादुर शाक्य आदि लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम की की अध्यक्षता गणेश दाल मोठ वाले रघुवर दयाल मौर्य ने की। जबकि संचालन शिवकुमार शाक्य ने की। उन्होंने अभिषेक शाक्य का गलत परिचय कराया की यह ग्राम सभा मझोला के प्रधान है, जबकि अभिषेक की मां श्रीमती रामकली शाक्य ग्राम प्रधान है। कई भक्तों के द्वारा लंबा भाषण देने एवं लोगों को मंच पर बुलाकर परिचय देने के कारण करीब 3 घंटे तक बैठक चली। ऊब जाने के कारण मंचासीन कई लोगों के अलावा नीचे बैठे अधिकांश लोग बैठक स्थल से चले गए। समाज के अधिकांश लोगों का कहना था कि यह बैठक के समाज के उत्थान का कथित दावा करने वाली तथागत सामाजिक समिति की ओर से काफी बड़े स्तर पर आयोजित की जानी चाहिए थी। जिनकी धमक समाज के अधिकांश लोगों तक पहुंचती।

error: Content is protected !!