केशव प्रसाद मौर्य ने बुद्ध स्तूप का किया पूजन: संकिसा कॉरिडोर बनवाने का आश्वासन

संकिसा फर्रुखाबाद 26 अक्टूबर 26। सूबे के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने आज संकिसा के बुद्ध स्तूप पर बुद्ध वंदना कर पूजा-अर्चना की। संकिसा ऐतिहासिक स्थल पहुंचने पर उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने बुद्ध स्तूप की परिक्रमा कर भगवान बुद्ध को नमन किया। संकिसा भिक्षु संघ के अध्यक्ष डॉ धम्मपाल थैरो ने उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य को बौद्ध परंपरा के अनुसार पूजा अर्चना करवाई। इस कार्यक्रम में सांसद मुकेश राजपूत, विधायक सुशील शाक्य, संकिसा नगर पंचायत के प्रतिनिधि राहुल राजपूत, रोहित कुशवाहा आदि भिक्षुगण मौजूद रहे। इससे पूर्व पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह समर्थकों के साथ स्तूप स्थल पहुंचे। भिक्षु चेतसिक बोधी एवं भिक्षु नागसेन ने मंत्री को पूजन कराया। स्तूप पूजन के बाद केशव प्रसाद मौर्य संकिसा में आयोजित बुद्ध महोत्सव स्थल पहुंचे।

सांसद मुकेश राजपूत भाजपा नेता संदीप शाक्य, अवनीश शाक्य, धम्मालोको बुद्ध विहार सेवा ट्रस्ट के उप प्रबंधक रघुवीर सिंह शाक्य, डॉ देवेश शाक्य ने बुद्ध की प्रतिमाएं भेंट का उपमुख्यमंत्री का स्वागत किया। सांसद मुकेश राजपूत ने उपमुख्यमंत्री से संकिसा को ब्लॉक का दर्जा दिलाये जाने की मांग की। उपमुख्यमंत्री श्री मौर्य ने संबोधन के दौरान कहा कि संकिसा को ब्लॉक बनवाने की मांग बहुत छोटी है इस पावन धरती पर बहुत अधिक विकास कराए जाने की जरूरत है। उन्होंने संकिसा कॉरिडोर बनवाने का वादा किया। श्री मौर्य ने कहा कि जब हम पहले आए थे तब यहां की सड़क काफी सकरी थी अब काफी चौड़ी बन गई है और फोरलेन भी बन जाएगी। उन्होंने कहा कि अब जब वह संकिसा आएंगे तो उन्हें सैफई जाने की जरूरत न पड़े मोहम्मदाबाद हवाई पट्टी की बेहतर ढंग से मरम्मत कराई जाएगी। कार्यक्रम का संचालन भाजपा नेता अपनी शाक्य ने किया। इस दौरान विधायक सुशील शाक्य, भाजपा जिलाध्यक्ष फतेहचंद वर्मा,भाजपा नेता रूपेश गुप्ता, राहुल राजपूत, पूर्व प्रधान दीपक राजपूत आदि लोग मौजूद रहे।

संकिसा पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में उपमुख्यमंत्री श्री मौर्य ने भाजपा जिलाध्यक्ष फतेहचंद वर्मा, सांसद मुकेश राजपूत, विधायक सुशील शाक्य, विधायक डॉ. सुरभि, जिला मीडिया प्रभारी शिवांग रस्तोगी सहित भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से मुलाकात की।
पत्रकार वार्ता के दौरान उपमुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि संकिसा एक पवित्र एवं ऐतिहासिक बौद्ध तीर्थस्थल है। बौद्ध मान्यताओं के अनुसार, भगवान बुद्ध अपनी माता को उपदेश देने के बाद इसी स्थान पर स्वर्ग से अवतरित हुए थे। यह घटना बौद्ध धर्म में विशेष महत्व रखती है। उन्होंने सम्राट अशोक द्वारा निर्मित स्तूपों की ऐतिहासिक परंपरा और संकिसा के अचल स्तूप की विशिष्टता का उल्लेख करते हुए कहा कि भगवान बुद्ध ने संपूर्ण मानवता को शांति, करुणा और सदाचार का मार्ग दिखाया।

उन्होंने कहा कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार धार्मिक और ऐतिहासिक स्थलों के विकास के लिए निरंतर प्रयास कर रही हैं। संकिसा भी पिछले कई वर्षों से विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है। जिस प्रकार अयोध्या में श्रीराम मंदिर और काशी में श्रीकाशी विश्वनाथ धाम का भव्य विकास किया गया है, उसी प्रकार संकिसा के बौद्ध तीर्थस्थल को भी कॉरिडोर के माध्यम से विकसित करने की दिशा में कार्य किया जाएगा। इसके साथ ही यहां फोरलेन सड़क का निर्माण कर तीर्थस्थल को प्रमुख मार्गों से जोड़ने की योजना पर भी कार्य किया जाएगा।

विपक्षी गठबंधन पर साधा निशाना

उपमुख्यमंत्री श्री मौर्य ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्षी दल कितना भी बड़ा गठबंधन बना लें, वे भारतीय जनता पार्टी का मुकाबला नहीं कर सकते। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में भाजपा लगातार तीसरी बार सरकार बनाएगी और पार्टी 300 सीटों के साथ पुनः सत्ता में आएगी।

उन्होंने कहा कि बहन-बेटियों की सुरक्षा भाजपा सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। प्रदेश में महिलाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के लिए सरकार ने महत्वपूर्ण कार्य किए हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने प्रदेश को विकास के मार्ग पर आगे बढ़ाने का कार्य किया है, जबकि समाजवादी पार्टी की सरकार के दौरान महिलाओं के साथ हुए अत्याचारों को जनता आज भी नहीं भूली है।

श्री मौर्य ने कहा कि भाजपा सरकार सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास के संकल्प के साथ आगे बढ़ रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रदेश की जनता विकास, सुशासन और महिला सुरक्षा के मुद्दों पर भाजपा का समर्थन करेगी तथा विपक्ष के पीडीए संबंधी राजनीतिक दावों का जवाब देगी।

error: Content is protected !!