फर्रुखाबाद (एफबीडी न्यूज़) 28 अक्टूबर 26। संकिसा में आयोजित बुद्ध महोत्सव के दौरान मेला दुकानदारों से रात में जबरन अवैध वसूली की गई। 25 अक्टूबर की रात 2 बजे बुद्ध महोत्सव स्थल पर शांति का माहौल था। आयोजन समिति के जिम्मेदार लोग आराम कर रहे थे रात 2 बजे के बाद आधा दर्जन अराजक युवक धम्मालोको बुद्ध विहार के दक्षिणी ओर वाले दुकानदारों के पास पहुंचे। उन्होंने दुकानदारों से दुकानों का किराया देने को कहा। दुकानदारों को आश्चर्य हुआ कि रात में कभी किराया नहीं वसूला गया। लेकिन युवक यह कहकर किराया लेने के लिए आमादा हो गए कि मेला कमेटी के व्यस्त लोगों ने हम लोगों को भेजा है।

कुछ दुकानदारों ने जब वसूली करने वालों पर आशंका जाहिर की तो युवकों ने उनको मोबाइल नंबर दिए। युवकों ने नीबकरोरी बाजार के करीब आधा सैकड़ा दुकानदारों से करीब 500- 500 रुपयों की जबरन वसूली की। करीब 30 हजार की अवैध वसूली करने वाले युवकों के हौसले बुलंद हो गए उन्होंने भिक्षु चेतसिख बोधी के बुद्ध विहार की ओर जाने वाले रास्ते के फुटपाथी दुकानदारों से भी वसूली की। जबरन किराया वसूली के दौरान एक दुकानदार ने युवकों का वीडियो बना लिया। वीडियो मेला कमेटी वालो को भेजकर घटना की जानकारी दी गई। इस घटना के दौरान चप्पे छपे पर पुलिस फोर्स मौजूद था। जिले के वरिष्ठ अधिकारी संकिसा रॉयल रेजीडेंसी होटल में रुके थे। मेले में महिलाओं के साथ बदसलूकी की घटनाओं की आशंका में सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए थे।

वीडियो में पड़ोसी ग्राम पुनपालपुर निवासी रोशन राजपूत के साथ कई संदिग्ध युवक देखे गए। बताया गया कि मेला कमेटी की ओर से थाना पुलिस से घटना की शिकायत का रोशन राजपूत के विरुद्ध कार्रवाई करने को कहा गया। रोशन राजपूत के सजातीय दिग्गज नेताओं के द्वारा पैरवी किए जाने की आशंका के कारण पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। लिखित शिकायत न किए जाने के कारण पुलिस ने इस मामले को ठंडे बस्ते में डाल दिया। वसूली करने वाले युवकों के द्वारा बताए गए फोन नंबर उषा देवी आरती देवी के नाम से पाए गए। कमाई होने के कारण आयोजन स्थल तीन सेट के सामने, बुद्ध विहार के दक्षिणी पश्चिम एवं उत्तरी ओर की जगह पर दुकानें लगवाई गई।
दुकानदारों से कमेटी के मुखिया के पुत्र एवं पारिवारिक के द्वारा प्रति वर्ष हजारों रूपयों की वसूली की जाती है। बताया गया है कि मेले में करीब एक लाख रुपयों का खर्चा हुआ है खर्चा निकाल कर कमेटी को करीब 11 हजार रुपए बचे हैं। सांसद बाबू सिंह कुशवाहा, जिला कन्नौज की जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती प्रिया ओमकार शाक्य दिल्ली निवासी कैलाश चंद शाक्य आदि ने मेल कमेटी को सहयोग धनराशि दी है। काबीना मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य एवं जिला पंचायत अध्यक्ष ने सहयोग धनराशि देने का वादा किया है। महोत्सव के मंच पर आगे की ओर दान पेटिका रखी जाती है जिसमें अनुयाई दान की धनराशि डालते हैं।
मेला के कथित हिसाब के दौरान दान पेटिका का भी खोलने को कहा गया लेकिन मेला कमेटी के मुखिया ने पहले दान पेटिका का खोलने का विरोध किया और बाद में दबाव पड़ने पर पेटिका का खोली गई। मेला कमेटी के लोग 100, 200, 500 रुपयों के सहयोग का कोई हिसाब नहीं रखते हैं। आयोजन समिति की बैठक में कभी भी मेला के खर्चे की विधिवत जानकारी नहीं दी जाती है।
बौद्ध अनुयायियों ने पुलिस अधीक्षक से ऐसे अराजक तत्वों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करवाये जाने की मांग की है ताकि भविष्य में यह लोग और कोई वारदात करने की हिम्मत न कर सके।

























