फर्रुखाबाद। (एफबीडी न्यूज़) 29 अक्टूबर 26। उत्तर प्रदेश विधान परिषद (एमएलसी) की 11 सीटों के चुनाव परिणाम सामने आने के बाद राजनीतिक गलियारों में बयानों का दौर तेज हो गया है। कार्यकर्ताओं की उपेक्षा का परिणाम वरिष्ठ भाजपा नेता विश्वास गुप्ता ने एमएलसी चुनाव पर जबरदस्त प्रतिक्रिया व्यक्ति की है। उन्होंने सोशल मीडिया पर सुबह के मुख्यमंत्री योगी को अवगत कराया है कि विधान परिषद चुनाव सरकारी चुनाव होता, उसकी हार से सिद्ध हो गया है कि अब थाली और ताली से काम नहीं चलने बाला। जो लोग दूसरों की कृपा से संगठन में पद लेकर बैठ गए हैं उन्हें भी सोचना पड़ेगा कि कार्यालय में खाली मीटिंग करने से कुछ नहीं होने वाला। देव तुल्य कार्यकर्ताओं की उपेक्षा बहुत हो चुकी अभी भी समय है जनता के बीच में जाएं।

करणी सेना के जिलाध्यक्ष एवं भारतीय किसान यूनियन के पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष ठाकुर मोहन सिंह बिसेन ने भारतीय जनता पार्टी की नीतियों और प्रशासनिक कार्य प्रणाली पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने साफ तौर पर कहा कि इन चुनावों में भाजपा का जो प्रदर्शन रहा है, वह स्वर्ण समाज को लगातार दरकिनार किए जाने का सीधा नतीजा है। प्रेस विज्ञप्ति में ठाकुर मोहन सिंह बिसेन ने प्रशासनिक तंत्र पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि आज हालात यह हो गए हैं कि ठाकुर और सवर्ण समाज की बात सुनना तो दूर, कोई भी अधिकारी उन्हें तवज्जो तक नहीं दे रहा है। शासन-प्रशासन में इस वर्ग की लगातार अनदेखी की जा रही है और उनकी समस्याओं को ठंडे बस्ते में डाल दिया जाता है। सवर्ण समाज में पनप रहा यह आक्रोश अब साफ दिखाई देने लगा है।
उन्होंने कहा है कि मौजूदा एमएलसी चुनाव पूरी तरह से सत्ता पक्ष के प्रभाव वाले चुनाव थे, जहाँ अमूमन सरकार के पक्ष में एकतरफा नतीजे आते हैं। लेकिन इसके बावजूद भाजपा को जिस तरह से सीटों का नुकसान उठाना पड़ा है, वह यह साबित करता है कि जमीन पर जनता और विशेषकर सवर्ण समाज में भारी नाराजगी है।
ठाकुर मोहन सिंह ने भाजपा नेतृत्व को चेतावनी भरे लहजे में आगाह करते हुए कहा कि यह चुनाव तो सिर्फ एक शुरुआत है। अगर सत्ताधारी दल ने अपनी नीतियों में सुधार नहीं किया, सवर्ण समाज की उपेक्षा बंद नहीं की और अधिकारियों के इस अड़ियल रवैये पर लगाम नहीं लगाई, तो आने वाले समय में इसके और भी गंभीर परिणाम भुगतने होंगे। आने वाले बड़े चुनावों में जनता भाजपा को उसकी इस अनदेखी का करारा जवाब देगी।

























