फर्रुखाबाद (एफबीडी न्यूज़) 4 जुलाई 26। साइबर थाना पुलिस ने खातों से रुपए उड़ाने वाले तीन साइबर ठगों को गिरफ्तार कर लिया है। साइबर थाने के प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार की टीम ने खातों से रुपए उड़ाने वाले तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। जिनमें थाना कादरी गेट के मोहल्ला भोपतपटी निवासी रितिक कश्यप पुत्र राजू थाना अमृतपुर के ग्राम गुडेरा निवासी लखन सिंह पुत्र रमेश सिंह एवं शिवम सिंह पुत्र महेंद्र पाल सिंह शामिल है।
पुलिस अधीक्षक श्रीमती आरती सिंह ने यह जानकारी देते हुए मीडिया को बताया कि तीनों युवक आम लोगों को झांसें में लेकर जस्टडायल ऐप के माध्यम से ट्रांसपोर्ट सुविधा उपलब्ध कराने के नाम पर साइबर ठगी करते थे। शातिर युवक ठगी के रूपयों को ऐसे बैंक खातों में जमा कराते थे जो अन्य व्यक्तियों के नाम पर फर्जी तरीके से संचालित किये जाते थे।
उक्त बैंक खातों से जुड़े एटीएम कार्ड एवं यूपीआई आईडी में अभियुक्तों द्वारा अपने फर्जी मोबाइल नंबर दर्ज कराए जाते थे। त एटीएम कार्ड अपने कब्जे में रखकर खातों में जमा धनराशि निकाली जाती थी। पुलिस ने पकड़े गए अभियुक्तों के पास से ठगी में प्रयोग किए जाने वाले तीन मोबाइल फोन, 10 एटीएम कार्ड, विभिन्न बैंकों की पांच पासबुके, कई क्यूआर कोड एवं 14000 रुपए बरामद किए हैं।





























