फर्रुखाबाद (एफबीडी न्यूज़) 3 नवंबर 26। सदर विधायक मेजर सुनील दत्त द्विवेदी ने जसमई बिजली घर का लोकार्पण करने के लिए आज सब स्टेशन का जायजा लिया। सदर विधायक मेजर सुनील दत्त द्विवेदी समर्थकों के साथ जसमई बाजार स्थित बिजली घर पहुंचे। उन्होंने चारों ओर घूम कर बिजली घर का जायजा लिया इसी दौरान उन्होंने अधिशासी अभियंता कालेश्वर चंद्र से तकनीकी जानकारी की। अधिशासी अभियंता कालेश्वर चंद्र ने विधायक को बताया की बिजली घर का निर्माण पूरा हो गया है आप जब चाहे तब इसका लोकार्पण कर सकते हैं। विधायक श्री द्विवेदी ने करीब एक सप्ताह में ही विद्युत घर के लोकार्पण करने की जानकारी दी।
निरीक्षण के दौरान एसडीओ मनीष वर्मा एवं जेई मासूम अली मौजूद रहे। श्री द्विवेदी ने एफबीडी न्यूज को बताया कि करीब 5 करोड़ की लागत से जसमई विद्युत घर का निर्माण पूरा हो गया है वह एक सप्ताह में विद्युत घर का लोकार्पण करेंगे। इस बिजली घर के चालू होने से ग्रामीण एवं नगर क्षेत्र की विद्युत समस्या का समाधान हो जाएगा। उन्होंने बताया कि फिलहाल विद्युत सब स्टेशन में तीन फीडर बनाए गए हैं जिनमें ग्रामीण क्षेत्र के अलावा नगर के मोहल्ला बीबीगंज पक्का पुल क्षेत्र का फीडर चालू हो जाएगा। तीसरी फीडर की लाइन जसमई में पीडब्ल्यूडी की निर्माणाधीन पुलिया के नीचे से शहर में जाएगी।
पुलिया निर्माण के बाद यह फीडर भी चालू हो जाएगा श्री द्विवेदी ने बताया कि उन्होंने पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों को शीघ्र ही पुलिया का निर्माण कराने को कहा है। विधायक श्री द्विवेदी ने बताया कि उन्होंने अधिकारियों को 2 और फीडर बनवाने को कहा है इसके लिए दो नए ट्रांसफार्मर का प्रपोजल बनाकर बिजनेस प्लान के तहत दक्षिणांचल आगरा भेजा है। उन्होंने बताया कि वह शीघ्र ही सेंट्रल जेल के निकट निर्माणाधीन बिजली घर का भी जायजा लेंगे। विधायक श्री द्विवेदी ने बताया कि वह कल कानपुर की रैली के लिए कार्यकर्ताओं की पांच बसें ले जाएंगे।



























