फर्रुखाबाद (एफबीडी न्यूज़) 3 नवंबर 26। पिटाई कर ग्रामीण की हत्या कर दिए जाने के मामले में पूर्व प्रधान व परिजनों के विरुद्ध केस दर्ज कराया गया है। थाना मऊदरवाजा के ग्राम जनैया सठैया निवासी श्याम बिहारी राजपूत ने गांव के पूर्व प्रधान उदयवीर शाक्य उनके पुत्र छोटू उर्फ आदित्य, उनके भाई राम लखन एवं नवीन चंद्र शाक्य के पुत्र सतीश व पप्पू के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई है। बीती रात दर्ज कराई रिपोर्ट में श्याम बिहारी ने कहा है कि प्रार्थी आज दिनांक 2 नवंबर को समय करीब 16 बजे मेरा करीब 35 वर्षीय पुत्र कमलेश, पूर्व प्रधान उदयवीर शाक्य पुत्र मुन्नालाल के घर के सामने आम के बाग में अपने आलू के बोरे उठाने गया था।
क्यो कि पूर्व प्रधान उदयवीर शाक्य की बगिया में 3-4 दिन पूर्व आलू के बोरे रखे थे। आज आलू के बोरे बोने के लिए अपने खेत ले जा रहा था तभी किसी बात को लेकर कहासुनी हो गयी थी। तभी आवाज सुनकर पूर्व प्रधान उदयवीर एवं उसका पुत्र छोटू उर्फ आदित्य व उदयवीर के भाई रामलखन एवं भतीजा सतीश व पप्पू पुत्र निवासीगण जनैया सठैया वहां पर आ गये। जिन्होंने मेरे लड़के कमलेश के साथ लाठी डन्डो से मारपीट की मारपीट से घायल होकर मेरा लड़का कमलेश वहीं पर गिर गया। लड़ाई झगड़े की आवाज सुनकर पड़ोस के रहने वाले उदयवीर पुत्र स्व0 श्री हीरालाल व संजीव कुमार पुत्र नेकराम मौके पर मौजूद थे जिन्होंने पूरी घटना देखी है। उसके उपरान्त मैं अपने पुत्र कमलेश को पूर्व प्रधान उदयवीर की बगिया से उठाकर घर ले गये थे।
तत्पश्चात उसकी मृत्यु हो गयी, इसके बाद मेरे नाती ने डायल 112 पर सूचना दी थी। इस मुकदमे की जांच थाना प्रभारी इंस्पेक्टर रामसहाय सिंह के द्वारा की जा रही है। थाना प्रभारी इंस्पेक्टर रामसहाय सिंह ने बताया कि कमलेश की हत्या के मामले में अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। पैनल से डॉक्टरों की टीम ने कमलेश के शव का पोस्टमार्टम किया है।
जानिए- कमलेश की मौत का कारण
वीडियो ग्राफी के दौरान डा. राणा प्रताप एवं डॉ. अनुनय कुटार की टीम ने कमलेश के शव का पोस्टमार्टम किया है। पोस्टमार्टम में कमलेश के पेड़ की तिल्ली फटी पाई गई एवं पेट में भरा खून निकला है । इससे जाहिर होता है कि कमलेश की मौत जबरदस्त पिटाई किए जाने के कारण ही हुई है। पुलिस को अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार था। अब अभियुक्तों की गिरफ्तारी तय मानी जा रही है।

























