धूमधाम से मनाया गया गणतंत्र दिवस

फर्रुखाबाद। (एफबीडी न्यूज) जिला मुख्यालय एवं पुलिस लाइन आदि सरकारी एवं गैर सरकारी कार्यालयों में गणतंत्र दिवस श्रद्धा, हर्षाेल्लास एवं देशभक्ति के वातावरण में धूम-धाम से मनाया गया।
जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी ने जनपदवासियों को हार्दिक शुभकामानाएं एवं बधाई दी। 77वें गणतंत्र दिवस के उपलक्ष्य में समस्त सरकारी भवनों पर प्रातः 8.30 बजे ध्वजारोहण किया गया। कलेक्ट्रेट परिसर में जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी ने ध्वजारोहण कर राष्ट्रगान एवं संविधान के प्रति निष्ठा और राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई। कलेक्ट्रेट गेट पर नेता जी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। कलेक्ट्रेट सभागार में भारतमाता के चित्र पर माल्यार्पण व पुष्पांजलि अर्पित की गई।

कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित गणतंत्र दिवस कार्यक्रम में जिलाधिकारी ने इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों व कर्मचारियों को शुभकामनाएं एवं बधाई देते हुए कहा कि आजाद भारत के रूप में हमारा देश पूरी दुनिया में आज एक परिपक्व राष्ट्र के रूप में भूमिका निभा रहा है। उन्होंने बताया कि आज इस राष्ट्रीय पर्व को पूरा देश मना रहा है, 26 जनवरी 1950 को हमारे देश में संविधान बन कर लागू किया गया था। इसी के तहत नीति नियम को बना कर धरातल पर लागू करने का आधार है संविधान। इस लिए हम गणतंत्र दिवस मनाते है। हमारे देश का संविधान विश्व का सबसे बड़ा लिखित संविधान है,संविधान मौलिक अधिकारों के साथ-साथ मौलिक कर्तव्यों की भी याद दिलाता है। जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद विकास करेगा तो देश विकास करेगा, इसके लिए हम सबको अपने कर्तव्यों के प्रति ईमानदारी से कार्य करना होगा। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी वित्त और राजस्व,अपर जिलाधिकारी न्यायिक, अपर उप जिलाधिकारी सदर,आबकारी अधिकारी द्वारा भी अपने विचार वयक्त किये गए।

इसके साथ ही जिलाधिकारी द्वारा विभिन्न विभागों के कर्मचारियों को उत्कृष्ट कार्य हेतु प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी,नगर मजिस्ट्रेट, जिला विकास अधिकारी, पी0डी0 डी0आर0डी0ए0 व कलेक्ट्रेट के कर्मचारी उपस्थित रहे। इसके पश्चात जिलाधिकारी द्वारा पुलिस लाइन पहुँचकर परेड का निरीक्षण किया व विभिन्न पुलिस कर्मियों को उनकी उत्कृष्ट सेवा के लिये प्रमाणपत्र प्रदान किये। पुलिस अधीक्षक ने सभी को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं और कर्तव्यनिष्ठा के साथ राष्ट्र सेवा करने का संकल्प दिलाया। इस दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को सम्मानित किया गया।

जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक द्वारा राम मनोहर लोहिया जिला चिकित्सालय पहुँचकर मरीजो को फलों का वितरण किया। केंद्रीय कारागार के अस्पताल में भर्ती बंदियों को फल भेंट किये। डीएम व एसपी ने कारागार के अस्पताल में मरीजों व महिला बंदियो को फलों का वितरण किया।

थानाध्यक्ष ने किया ध्वजारोहण

आधार थाना मऊ दरवाजा में थानाध्यक्ष अजब सिंह ने झंडा फहराया। श्री सिंह ने कर्मचारियों को कर्तव्य एवं निष्ठा से कार्य करने की शपथ दिलाई।

error: Content is protected !!