फर्रुखाबाद। (एफबीडी न्यूज़) कोतवाली कायमगंज पुलिस ने अधेड़ सोबरन की हत्या करने वाले युवकों को गिरफ्तार कर लिया है। कोतवाली कायमगंज के प्रभारी निरीक्षक मदन मोहन चतुर्वेदी की टीम ने कोतवाली मोहम्मदाबाद के ग्राम साहिबाबाद निवासी आदेश के 20 वर्षीय पुत्र विकल उर्फ विकल्ले एवं जनपद एटा कोतवाली अलीगंज के ग्राम हरसिहपुर निवासी दीप सिंह राजपूत के 25 वर्षीय पुत्र सनी उर्फ दीपक को गिरफ्तार किया है। जिनके पास 315 वोट तमंचा व तीन कारतूस एवं हत्या की घटना में प्रयोग की गई बाइक बरामद की गई है। कोतवाली पुलिस आरोपियों को डॉक्टरी परीक्षण कराने के लिए सीएचसी कायमगंज ले गई। डॉक्टर जितेंद्र बहादुर ने फार्मासिस्ट जगजीवन के सहयोग से आरोपियों का चिकित्सीय परीक्षण किया। 
इसी दौरान आरोपियों ने बताया कि पुलिस ने उन्हें हत्या के मुकदमे में फांस दिया है। मालूम हो कि 24 दिसंबर की रात में अधेड़ सोबरन सिंह की गोली मारकर हत्या कर दिये जाने से सनसनी फैल गई थी। ग्राम रसीदपुर के खेत में 17 फरवरी को सुबह शव पड़ा देखा गया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की, तो पता चला कि शव ग्राम रसीदपुर निवासी 45 वर्षीय सोबरन पुत्र सियाराम का है। सोबरन की गोली मारकर हत्या की गई थी। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों को पुलिस लाइन में मीडिया के सामने पेश किया अपर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह ने मीडिया को घटना की जानकारी दी। उन्होंने बताया की हत्या की घटना में थाना नवाबगंज के ग्राम रसूलपुर निवासी जबर सिंह पुत्र मेवाराम भी शामिल था जिसको तलाश किया जा रहा है।
आरोपी विकल ने पुलिस को बताया और मेरा साथी जबर सिंह कभी-कभी हरसिंहपुर में रहने वाले दफेदार के घर पर जाते थे और रात्रि में वहां रूकते भी थे।, उसी गांव में सनी उर्फ दीपक जो कि हलवाई का काम करता है, वो भी हम लोगों से मिलने आता था। 24 दिसंबर को मैं, जबर सिंह तथा सनी एक मोटरसाइकिल से जबर सिंह के भाई की लड़की की शादी में खाने का सामान लेने जा रहे थे। रास्ते में ग्राम रसूलपुर की ओर जाने वाले रोड पर पहुंचे तो सामने से एक साइकिल सवार लहराता हुआ आ रहा था। उसकी साइकिल का पहिया मेरी मोटर साइकिल के अगले पहिये से टकराया तो उसने गाली दी तो जबर सिंह ने भी उसको गालियाँ दी। जबर सिंह तथा वह व्यक्ति दोनों शराब के नशे में थे।
तभी उस व्यक्ति ने जबर सिंह को बेटी की गाली दे दी। इसी बात पर गुस्से में जबर सिंह ने अपने पास रखे तमंचे से उस व्यक्ति की कमर में गोली मार दी जिससे वह व्यक्ति गिरा और फिर उठा और वह जबर सिंह की तरफ आया तभी जबर सिंह ने सामने से उसे दूसरी गोली मार दी थी। हम तीनों ने उस व्यक्ति को रास्ते से उठाकर झाडियों में डाल दिया था।




