फर्रुखाबाद (एफबीडी न्यूज़) 23 मार्च। कायमगंज कोतवाली पुलिस ने फर्जी फर्म की जीएसटी चोरी करने वाले तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने प्रयास करके कोतवाली कायमगंज के मोहल्ला कोट निवासी सैय्यद अरवाज अली उर्फ सद्दाम पुत्र आफाक अली, फैसल खान पुत्र अकील खान एवं करीमनगर रायपुर खास निवासी अमन खान पुत्र शकील खान को गिरफ्तार किया है। फर्जीवाड़ा करने के संबंध में थाना कंपिल के ग्राम करनपुर निवासी ताहर सिंह पुत्र अनंतराम ने बीते दिनों रिपोर्ट दर्ज कराई थी, कि अभियुक्तों द्वारा कूटरचित दस्तावेज तैयार कर, धोखाधडी करके फर्जी बोगस फर्म बनाकर जीएसटी का अपवंचन किया जा रहा है।
पूछताछ करने पर अभियुक्तों ने पुलिस को बताया कि हम लोग, लोगों की जमीन का फर्जी तरीके से किरायानामा बनवाते थे। उस जमीन पर फर्जी कागज लगाकर तम्बाकू की फर्जी फर्म बनाते थे। व्यापारियों को लाभ पहुँचाने के लिए व टैक्स की चोरी करने के लिए अपनी उन्ही फर्जी फर्म के नाम से फर्जी बिल भी काटते थे। साथ मिलकर ट्रांसपोर्ट वाहनों से उक्त तम्बाकू को उनके गंतव्य तक पहुंचाते थे।
हत्यारे को आजीवन कारावास
एफटीसी कोर्ट ने कोतवाली कायमगंज के मोहल्ला प्रेम नगर निवासी रामशरन पुत्र महेश को आजीवन कारावास की सजा सुनाकर 20 हजार का जुर्माना लगाया है। रामशरन ने वर्ष 31 मार्च 23 को मोहल्ले के नीरज पुत्र कुंवर पाल की उसके दरवाजे के बाहर शाम 5 बजे टकोरा मारकर हत्या कर दी थी घटना के संबंध में सुखवीर की पत्नी आनंती ने रामशरन के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई थी। नीरज आनंती का जेठ था।



