फर्रुखाबाद (एफबीडी न्यूज़) 1मई । शाक्य मुनि गौतम बुद्ध की जयंती पर आज नगर में भगवान बुद्ध की भव्य शोभा यात्रा निकलेगी। आज नगर फर्रुखाबाद में भगवान बुद्ध की धूमधाम से शोभा यात्रा निकाले जाने की पूरी तैयारियां पूरी कर ली गई है। भगवान बुद्ध की शोभा यात्रा कार्यक्रम का आयोजन शाक्य उत्थान समिति फर्रुखाबाद ने किया है। शाक्य उत्थान समिति ने सभी शाक्य कुशवाहा मौर्य सैनी, बौद्ध एवं अंबेडकर अनुयायियों से भगवान बुद्ध व डॉ अंबेडकर की शोभा यात्रा में शामिल होने की जोरदार अपील की है। 2517वीं त्रिविधि पावनी बुद्ध पूर्णिमा के अवसर पर भगवान बुद्ध की भव्य शोभा यात्रा आज 1 मई को शाम 4 बजे नगर की बीवीगंज पुलिस चौकी के निकट से रवाना होगी। 
समिति के पदाधिकारी पंचशील ध्वज लहराकर शोभायात्रा को रवाना करेंगे। शोभा यात्रा में भगवान बुद्ध की झांकी, संविधान निर्माता डॉक्टर अंबेडकर की झांकी के अलावा महापुरुषों की झांकी भी शामिल होगी। डीजे की धुन पर बौद्ध अनुयाई पंचशील ध्वजों को लहराएंगे।

भव्य शोभा यात्रा तिकोना पुलिस चौकी, चौक बाजार, रेलवे रोड, रेलवे स्टेशन फर्रुखाबाद तिराहा होती हुई ठंडी सड़क स्थित श्रीमती श्यामा देवी शाक्य सभागार पर समाप्त होगी। शोभा यात्रा के रास्ते पर पंचशील ध्वज लगाए गए हैं शोभा यात्रा का अनेक स्थानों पर जोरदार स्वागत किया जाएगा। शोभा यात्रा के समापन अवसर पर भोजन दान एवं खीर का वितरण किया जाएगा।

शाक्य उत्थान समिति की ओर से आलू आढ़ती सेठ रामौतार शाक्य, जिला पंचायत सदस्य नरेंद्र शाक्य, पूर्व प्रधान मिथुन शाक्य, अपनी जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष सुरजीत शाक्य उर्फ हैपी, कौशलेंद्र शाक्य उर्फ टिंकू, दीपक शाक्य, सभासद जयवीर शाक्य, अचल प्रताप शाक्य एडवोकेट, जतिन शाक्य उर्फ गोलू, राजन शाक्य आदि ने कार्यक्रम को सफल बनाने में पूरी ताकत लगाई है। जिन्होंने आज कार्यक्रम के प्रचार के दौरान समाज के प्रतिष्ठित लोगों के आवास पर जाकर उनको कार्यक्रम के आमंत्रण पत्र भेंट कर शोभायात्रा में शामिल होने की अपील की है।



