फर्रुखाबाद (एफबीडी न्यूज़) 6 जुलाई। सरकारी जमीन पर जबरन कब्जा करने के विरोध के संघर्ष के दौरान हमले में कई समर्थकों सहित प्रधान पति सत्येंद्र सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। उनको बेहतर इलाज के लिए कानपुर ले जाया गया। कोतवाली मोहम्मदाबाद की ग्राम पंचायत मुड़गांव के प्रधान राम नारायन सिंह आज दोपहर दर्जनों लोगों के साथ पड़ोसी ग्राम पंचायत निसाई की सरकारी जमीन पर कब्जा करने गए थे। जानकारी मिलने पर ग्राम पंचायत निसाई की प्रधान श्रीमती गीता देवी के पति सत्येंद्र सिंह सफारी गाड़ी से अकेले विरोध करने गए थे। सत्येंद्र सिंह अपनी गाड़ी से उतरे थे तभी विरोधियों ने उनकी गाड़ी पर जबरदस्त पथराव कर डंडों से हमला कर दिया। 
सिर में पत्थर लगने से उनकी हालत गंभीर हो गई। जानकारी मिलने पर सत्येंद्र के समर्थक उन्हें बचाने गए थे उनके ऊपर भी जबरदस्त हमला किया गया हमले में ग्राम निसाई निवासी अमन पुत्र सत्येंद्र, मनोज पुत्र वीरपाल, अतुल पुत्र ने कृपाल, रवि पुत्र अशोक एवं ग्राम रतनपुर निवासी राहुल पुत्र नीरज घायल हो गए। घायलों को लोहिया अस्पताल ले जाया गया। जबकि सतेद्र सिंह व उनके बेटे अभय को डॉ केएम द्विवेदी के अस्पताल में भर्ती कराया गया। लेखपाल मोहम्मद अरशद ने पीते माह पूर्व ग्राम पंचायत निसाई की सरकारी जमीन की नाप कर प्रधान को सौंप दी थी।
जिस गुड़गांव के प्रधान राम नारायण सिंह काफी दिनों से कब्जा करने का प्रयास कर रहे थे। उन्होंने बीते दिन भी कब्जा करने का प्रयास किया था जबरदस्त विरोध होने के कारण जमीन पर कब्जा नहीं कर सके। आज प्रधान रामनारायन सिंह पूरी तैयारी से कब्जा करने गए थे हमले के दौरान अनेकों राउंड फायरिंग किए जाने से इलाके में सनसनी फैल कर भगदड़ मच गई। सूचना मिलने पर अपर पुलिस अधीक्षक, एसडीएम सदर एवं कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने ग्राम मुडगांव की दो महिलाओं को हिरासत में लिया है।
बताया गया कि दोनों ठाकुर समाज के प्रधान भाजपा समर्थक है सत्ता के रुतबे में ही सरकारी जमीन पर कब्जा करने का प्रयास किया गया। डॉक्टर केएम द्विवेदी ने सायं सवा चार बजे एफबीडी न्यूज़ को बताया कि घायल सत्येंद्र को करीब एक घंटा पूर्व रीजेंसी कानपुर के लिए रेफर कर दिया है उनके सिर में चोट लगी है। एक बच्चा भी भर्ती हुआ था उसको परिजन ले गए हैं।
फायरिंग की पुष्टि
अपर पुलिस अधीक्षक गिरीश कुमार ने मीडिया को बताया जमीन के बर्चस्व को लेकर हुए संघर्ष के दौरान मुड़गांव पक्ष के लोगों के द्वारा फायरिंग की गई है। हमले में निभाई गांव पक्ष के 7 लोग घायल हुए हैं। हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए उनकी शिनाख्त कर गठित की गई पुलिस टीमों के द्वारा दबिश दी जा रही है। फोरेंसिक टीम ने घटना स्थल से साक्ष्य जुटाए हैं।

