11 तक भारी वर्षा एवं वज्रपात की चेतावनी: एडवाइजरी जारी

फर्रुखाबाद (एफबीडी न्यूज) 9 जुलाई। जिला प्रशासन ने एडवाइजरी जारी कर नागरिकों से सतर्क रहने और मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करने की अपील की है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी), क्षेत्रीय मौसम केंद्र, लखनऊ द्वारा जारी प्रभाव आधारित मौसम पूर्वानुमान एवं चेतावनी के अनुसार जनपद फर्रुखाबाद में 9 जुलाई से 11 जुलाई तक भारी से बहुत भारी वर्षा, मेघगर्जन तथा वज्रपात होने की प्रबल संभावना व्यक्त की गई है। मौसम विभाग द्वारा जारी इस चेतावनी के दृष्टिगत जिला प्रशासन पूर्ण सतर्कता बरत रहा है तथा सभी संबंधित विभागों को आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

जिलाधिकारी ने बताया कि संभावित भारी वर्षा के कारण जनपद के निचले क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो सकती है तथा नदी, नालों एवं जलाशयों के जलस्तर में वृद्धि होने की संभावना है। अत्यधिक वर्षा के कारण यातायात प्रभावित हो सकता है, विद्युत आपूर्ति एवं अन्य आवश्यक सेवाओं में अस्थायी व्यवधान आ सकता है। इसके अतिरिक्त कच्चे एवं जर्जर मकानों, कृषि फसलों, बागवानी तथा जन-धन की हानि की भी आशंका बनी हुई है। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन द्वारा सभी तहसीलों, नगर निकायों, पुलिस, स्वास्थ्य, विद्युत, सिंचाई, लोक निर्माण, राजस्व तथा आपदा प्रबंधन से जुड़े विभागों को अलर्ट मोड पर रखा गया है। राहत एवं बचाव दल, गोताखोर टीम, नावों तथा आवश्यक उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए संबंधित विभागों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं तथा स्थिति पर निरंतर निगरानी रखी जा रही है।

डीएम ने जनपद वासियों से अपील की है कि मौसम खराब होने की स्थिति में अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलें तथा केवल अत्यंत आवश्यक कार्य होने पर ही यात्रा करें। यदि यात्रा करना आवश्यक हो तो मौसम की स्थिति की जानकारी लेकर ही प्रस्थान करें तथा जलभराव वाले मार्गों एवं तेज बहाव वाले क्षेत्रों से दूर रहें।
उन्होंने कहा कि मेघगर्जन एवं वज्रपात के दौरान सुरक्षित पक्के भवन के अंदर रहें तथा सभी खिड़की-दरवाजे बंद रखें। बिजली के उपकरणों को अनावश्यक रूप से चालू न रखें तथा आवश्यकता होने पर उन्हें विद्युत आपूर्ति से अलग कर दें। आपातकालीन परिस्थितियों के लिए टॉर्च, अतिरिक्त बैटरी, आवश्यक दवाइयां, पीने का पानी तथा महत्वपूर्ण दस्तावेज सुरक्षित स्थान पर रखें।

जनसामान्य से यह भी अनुरोध किया गया है कि कहीं भी जलभराव, पेड़ गिरने, बिजली के तार टूटने अथवा किसी अन्य प्रकार की आपदा संबंधी सूचना तत्काल स्थानीय प्रशासन अथवा संबंधित विभाग को दें ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके। नागरिक भारत मौसम विज्ञान विभाग के Mausam एवं Damini मोबाइल ऐप के माध्यम से मौसम की अद्यतन जानकारी प्राप्त करते रहें तथा केवल आधिकारिक सूचनाओं पर ही विश्वास करें। जिलाधिकारी ने विशेष रूप से चेतावनी दी कि भारी वर्षा एवं वज्रपात के दौरान नदी, नालों, तालाबों, जलभराव वाले स्थानों तथा खुले मैदानों में जाने से बचें। पेड़ों, बिजली के खंभों, ट्रांसफार्मरों तथा कच्चे एवं जर्जर भवनों के नीचे शरण न लें। वज्रपात के समय खुले स्थान, छत, खेत अथवा पानी में खड़े रहने से बचें। धातु की वस्तुओं, बिजली के उपकरणों तथा गीली दीवारों के संपर्क में आने से भी परहेज करें।

किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें तथा केवल प्रशासन एवं मौसम विभाग द्वारा जारी निर्देशों का पालन करें।
किसानों से अपील की गई है कि वे अपनी खड़ी फसलों एवं कृषि उपकरणों की सुरक्षा सुनिश्चित करें तथा पशुओं को सुरक्षित एवं ऊंचे स्थानों पर बांधें। मौसम सामान्य होने तक खेतों में अनावश्यक कार्य करने से बचें और वज्रपात की स्थिति में तुरंत सुरक्षित स्थान पर चले जाएं। जिलाधिकारी ने कहा कि जनपदवासियों की सुरक्षा जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी नागरिक सतर्क रहें, प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें तथा किसी भी आपात स्थिति में संबंधित विभागों से तत्काल संपर्क करें। सामूहिक सतर्कता एवं सहयोग से प्राकृतिक आपदाओं के जोखिम को काफी हद तक कम किया जा सकता है।

error: Content is protected !!