फर्रुखाबाद (एफबीडी न्यूज़) 15 जुलाई। शासन एवं जिलाधिकारी के निर्देशों के क्रम में जनपद की सभी ग्राम पंचायतों में ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन (SLWM) के अंतर्गत स्वच्छता संबंधी कार्यों को गति प्रदान करने के उद्देश्य से 545 ग्राम पंचायतों को क्रेडिट लिमिट के रूप में कुल ₹6,11,21,880 की धनराशि समान अनुपात में उपलब्ध करा दी गई है। उक्त धनराशि का उपयोग ग्राम पंचायतों द्वारा ग्राम स्वच्छता कार्ययोजना के अंतर्गत विभिन्न स्वच्छता संबंधी कार्यों जैसे आर.आर.सी. (रिसोर्स रिकवरी सेंटर) निर्माण, सिल्ट कैचर, फिल्टर चैंबर, सोख्ता गड्ढा, वर्मी कम्पोस्ट, नाडेप, खाद गड्ढा, लीच पिट, ई-रिक्शा, हैंडपम्पों के सोकपिट, स्वच्छता किट, इंसीनेरेटर, कचरा पान, तालाबों का सौंदर्यीकरण तथा एस.एल.डब्ल्यू.एम. से संबंधित अन्य कार्यों पर किया जाएगा।
कार्य पूर्ण होने के उपरांत संबंधित सहायक विकास अधिकारी (पंचायत), ग्राम सचिव एवं कंसल्टिंग इंजीनियर द्वारा कार्यों का सत्यापन किया जाएगा। इसके पश्चात सभी आवश्यक अभिलेख एवं विवरण एस.एन.ए. स्पर्श 2.0 पोर्टल पर अपलोड किए जाएंगे।
जनपद प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों एवं ग्राम पंचायतों को निर्देशित किया है कि स्वच्छता से जुड़े सभी कार्य निर्धारित मानकों एवं गुणवत्ता के अनुरूप समयबद्ध ढंग से पूर्ण कराते हुए ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण सुनिश्चित किया जाए।

