डीएम ने अभ्युदय कोचिंग सेंटर का किया शुभारंभ: प्रतियोगी परीक्षाओं की निःशुल्क कोचिंग

फर्रुखाबाद (एफबीडी न्यूज) 15 जुलाई। जनपद के राजकीय इंटर कॉलेज में आज जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के अंतर्गत सत्र 2026-27 संचालित अभ्युदय कोचिंग सेंटर का शुभारंभ किया। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने फीता काटकर एवं दीप प्रज्वलित किया। विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। जिलाधिकारी ने विद्यार्थियों को सफलता के गुर सिखाते हुए कहा कि अभ्युदय का तात्पर्य “जीवन की संभावनाओं का सूर्योदय” है। मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना आर्थिक रूप से कमजोर एवं प्रतिभाशाली विद्यार्थियों के लिए एक महत्वपूर्ण पहल है। इस योजना के माध्यम से विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की गुणवत्तापूर्ण एवं निःशुल्क कोचिंग उपलब्ध कराई जा रही है।

जिससे छात्र-छात्राएं अपनी प्रतिभा के बल पर विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता प्राप्त कर सकें। उन्होंने विद्यार्थियों से नियमित अध्ययन, अनुशासन, समर्पण एवं तकनीक के साथ तैयारी करने का आह्वान करते हुए कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता, बल्कि निरंतर परिश्रम ही सफलता की कुंजी है। अभ्युदय कोचिंग के माध्यम से छात्र-छात्राओं को जीवन के विभिन्न क्षेत्रों में नवीन सुअवसर प्राप्त हो सकेंगे। विद्यार्थियों को किताबों को पढ़ने के साथ उनसे सीखने का विश्लेषण अवश्य करना चाहिए, जिससे उन्हें अपने द्वारा किए गए अध्ययन कार्य की प्रगति का भास हो सके। छात्र-छात्राएं अपने मन में अध्ययन कार्य से जुड़ी हुई जिज्ञासाओं को अपने शिक्षकों के साथ अवश्य साझा करें जिससे आप अपने लक्ष्य की ओर अग्रसर हो सकें।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं शिक्षकों को निर्देशित किया कि कोचिंग सेंटर का संचालन पूरी गुणवत्ता एवं नियमितता के साथ किया जाए तथा विद्यार्थियों को आवश्यक शैक्षणिक सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की शंकाओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए, जिससे उन्हें प्रतियोगी परीक्षाओं की बेहतर तैयारी का अवसर मिल सके। मुख्य विकास अधिकारी ने अपने संबोधन में कहा कि जनपद के विद्यार्थियों के लिए इस कोचिंग का शुभारंभ अत्यधिक हर्ष की बात है। परीक्षार्थी उचित मार्गदर्शन के अभाव में परीक्षा पाठ्यक्रम एवं पूर्व में आयोजित प्रतियोगी परीक्षाओं में पूछे गए प्रश्न पत्रों का सहयोग ले सकते हैं। सफलता के लिए विद्यार्थी कम पढ़ें लेकिन गुणवत्तापूर्ण पढ़ें। अभ्युदय कोचिंग में विद्यार्थी अपने प्रश्नों के जवाब हेतु शिक्षकों का सहयोग अवश्य लें।
इस अवसर पर जिला विद्यालय निरीक्षक ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि आप सभी विद्यार्थी एक बड़े उद्देश्य के लिए नए लक्ष्य की ओर आगे बढ़ रहे हैं। इसके लिए आप सभी को कुशल शिक्षकों का मार्गदर्शन कोचिंग के माध्यम से प्राप्त हो सकेगा। सिविल सर्विसेज की तैयारी करने वाले विद्यार्थी जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों को अपना आदर्श मानकर परीक्षा की तैयारी कर सकते हैं। कार्यक्रम में समाज कल्याण अधिकारी ने मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के उद्देश्य एवं कोचिंग सेंटर की कार्यप्रणाली की जानकारी देते हुए विद्यार्थियों को उपलब्ध कराई जाने वाली सुविधाओं से अवगत कराया। इस अवसर पर जिला समाज कल्याण अधिकारी शालिनी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी, शिक्षण संस्थान के शिक्षकगण, अभ्युदय योजना से जुड़े संकाय सदस्य तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

error: Content is protected !!