फर्रुखाबाद (एफबीडी न्यूज़) 16 जुलाई। फर्जी तरीके से मंदिर की जमीन खरीद कर जबरन कब्जा करने का प्रयास करने वाले व्यापारी राजेश कुमार गुप्ता के खिलाफ केस दर्ज कराया गया है। कादरी गेट थाना पुलिस ने अदालत के आदेश पर अल्लाह नगर बढ़पुर निवासी पत्नी स्व० वीरपाल की पत्नी छोटी बिटिया मिठाई विक्रेता राजेश कुमार गुप्ता आदि के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया है। दर्ज कराई रिपोर्ट में छोटी बिटिया ने कहा है कि प्रार्थिनी की पुत्री राधा देवी पत्नी स्व० हरिमोहन सिंह का जमीन सम्बन्धी विवाद का मुकदमा राधा आदि बनाम मान सिंह आदि के नाम से न्यायालय में विचाराधीन है। जिस पर हरदेव बाबा का लगभग 100 वर्ष पुराना मन्दिर बना हुआ है जिसमें बजरंग वली, माता पार्वती तथा भगवान शंकर की मूर्तियां भी विद्यमान हैं। जिसकी विधि विधान से लगातार पूजा होती चली आ रही है।
उक्त मन्दिर तथा उससे सम्बन्धित जमीन की लगातार देख-रेख मेरी पुत्री राधा देवी करती चली आ रही है उस मन्दिर की जमीन के पास कुछ दलित जाति के लोगों की जमीन खाली पड़ी थी। जिसकी फर्जी चौहद्दी डालकर मन्दिर की जमीन का 27.06.2022 को राजेश कुमार गुप्ता पुत्र अनोखेलाल गुप्ता निवासी अल्लाहनगर बढ़पुर ने बैनामा करा लिया। चार वर्ष बाद 4.05.2026 को समय लगभग 11 बजे सुबह मन्दिर की जमीन पर जबरन दबंगई के बल पर सीमेंण्ट की बाउण्ड्रीवाल बनाकर कब्जा करने का असफल प्रयास कर रहे हैं जिससे मन्दिर का गेट भी बन्द हो गया है। जिससे मन्दिर में पूजा करने वाले व्यक्तियों को असुविधा उत्पन्न हो रही है। जिसके सम्बन्ध में प्रार्थिनी की नातिन सलोनी ने 5.05.2026 को प्रार्थना पत्र नगर मजिस्ट्रेट को दिया था।
जिसकी जानकारी होने पर राजेश गुप्ता जो कि दबंग व शातिर कस्म का व्यक्ति है जिस पर पूर्व में ही गैंगस्टर, हत्या तथा हत्या का प्रयास करने सम्बन्धी कई मुकदमें दर्ज हैं। इसने 5.05.2026 को समय लगभग रात्रि 11:30 बजे प्रार्थिनी के पड़ोस में रहने वाले उनके सहयोगी दुष्यन्त उर्फ पप्पू सट्टा वाले पुत्र रामेश्वर दयाल बाथम, सरजन व सूरज पुत्रगण दुष्यंत उर्फ पप्पू, निहाल पुत्र रामप्रकाश व रंजीत पुत्र नन्हे तथा 8-10 अज्ञात लोग लाठी-डण्डा तथा हांथों में नाजायज असलाह लेकर प्रार्थिनी के घर में छत से कूदकर घुसे। प्रार्थिनी को भद्दी-भद्दी माँ-बहन की गालियां देते हुए घर में तोड़-फोड़ करने लगे जब प्रार्थिनी व प्रार्थिनी के परिजनों ने उक्त लोगों का विरोध किया तो राजेश गुप्ता तथा दुष्यन्त प्रार्थिनी की नातिन सलोनी के साथ बदतमीजी करने लगे।
जिससे उसके कपड़े फट गये तथा उसकी इज्जत तार-तार हो गयी तथा उपरोक्त सभी लोगों ने प्रार्थिनी व प्रार्थिनी की पुत्री राधा देवी, पुत्र संजय व विकलांग पुत्र टिन्नी से मारपीट की जिससे उक्त लोगों के भी चोटें आयीं है। प्रार्थिनी व प्रार्थिनी के परिजनों द्वारा शोर मचाये जाने पर मोहल्ले के लोग इकट्ठे हो गये मोहल्ले वालों के ललकारने पर उक्त लोग प्रार्थिनी व प्रार्थिनी के परिजनों को जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गये और गाली देते हुए कहा कि आज बच गयी है। मौका मिलते ही तुम सभी को जान से मारकर तुम्हारी लाश का भी पता नहीं लगने देंगे। उक्त लोगों का क्रिया कलापों तथा धमकी से प्रार्थिनी व प्रार्थिनी के परिजन काफी भयभीत हैं। प्रार्थिनी घटना की सूचना देने तत्काल समय लगभग 12 बजे रात्रि थाना कादरीगेट गयी किन्तु प्रार्थिनी की एक न सुनी गयी बल्कि उल्टा प्रार्थिनी को धमकाकर कहा कि तुम ज्यादा निकल बैठ करोगी तो तुम्हारे पुत्र संजय व विकलांग पुत्र टिन्नी को झूठे मुकदमें में फंसाकर जेल भिजवा देंगे।

