फर्रुखाबाद (एफबीडी न्यूज़) 24 जुलाई। परिवहन विभाग के द्वारा चलाए गए अभियान के दौरान 51 स्कूली वाहनों का चलन का लाखों का शुल्क वसूला गया। आज कानपुर परिक्षेत्र के उप परिवहन आयुक्त कानपुर रामरतन सोनी के नेतृत्व में टैम्पो, ई-रिक्शा तथा निजी वाहनो से स्कूली बच्चों को ले जाने के विरूद्ध फतेहगढ़ क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। चेकिंग अभियान के समय आरटीओ-प्रवर्तन, कानपुर राहुल श्रीवास्तव, सीओ-ट्रैफिक अभय वर्मा, एआरटीओ प्रवर्तन, सुभाष राजपूत, प्रभारी निरीक्षक, फतेहगढ़ तेज सिंह व यातायात उप निरीक्षक ओम प्रकाश पाण्डेय साथ रहे।
टीम द्वारा पीएम केन्द्रीय विद्यालय, आरआरसी फतेहगढ़ तथा कैण्ट क्षेत्र के विद्यालयों में ऑटो रिक्शा, ई-रिक्शा तथा मारूति वैन आदि से विद्यालय के छात्रों को लाने वाले वाहनों के विरूद्ध कार्यवाही की गई। चेकिंग के दौरान वाहन की फिटनेस, परमिट, बीमा तथा अन्य प्रपत्रों की जाँच की गई। जाँच में सीट क्षमता से अधिक सवारियों की भी जाँच की गई। अभियान के अन्तर्गत 24 वाहनों के चालान किये गये तथा 20 स्कूली वाहन सीज किये गये है। उल्लेखनीय है कि परिवहन विभाग फर्रूखाबाद द्वारा गत दो माह में जनपद मे अनफिट स्कूल वाहनोें के विरूद्ध प्रवर्तन कार्यवाही किये जाने हेतु अभियान चलाया गया है जिसमें 51 स्कूल वाहनों का चालान किया गया है तथा 23 स्कूली वाहनों को सीज किया गया है, जिनसे 4.53 लाख रुपए प्रशमन शुल्क वसूल किया गया है।
निजी वाहनों से छात्रों को ले जाने वाले 10 वाहनों को चालान व सीज किया गया है। स्कूल वाहनों में ओवरलोड छात्र ले जाने के अभियोग में 7 वाहनों को चालान व सीज किया गया है। स्कूली वाहनों के सघन निरीक्षण में अस्तित्वहीन पाये गये 22 वाहनों के पंजीयन चिन्ह विशेष रूचि लेते हुये निरस्त कराये गये है। यह चेकिंग अभियान आगे भी जारी रहेगा, जिसमें कानपुर देहात, कन्नौज, औरेया व कानपुर नगर की टीमों द्वारा सघन कार्यवाही की जायेगी।

