फर्रुखाबाद (एफबीडी न्यूज़) 26 जुलाई। सांसद मुकेश राजपूत के मुख्य आतिथ्य में आज कलेक्ट्रेट सभागार में मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना एवं शिक्षकों की सामाजिक सुरक्षा सुनिश्चित किए जाने के उद्देश्य से पंजाब नेशनल बैंक के साथ अनुबंध संबंधी कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में जनपद आगरा की डॉ0 भीमराव अम्बेडकर यूनिवर्सिटी में मुख्यमंत्री के मुख्य आतिथ्य में आयोजित मुख्य कार्यक्रम का सजीव प्रसारण भी दिखाया गया तथा मुख्यमंत्री जी के संबोधन का लाभ प्राप्त कराया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद मुकेश राजपूत ने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षकों के कल्याण एवं उनके सामाजिक सुरक्षा कवच को सुदृढ़ बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना शिक्षकों एवं उनके आश्रितों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
उन्होंने कहा कि पंजाब नेशनल बैंक के साथ किया गया यह अनुबंध शिक्षकों को विभिन्न बैंकिंग एवं सामाजिक सुरक्षा संबंधी सुविधाओं का लाभ सरलता से उपलब्ध कराने में सहायक सिद्ध होगा। उन्होंने शिक्षकों को बधाई देते हुए कहा कि विद्यार्थियों के बौद्धिक एवं वैचारिक विकास की प्रगति शिक्षकों की सुरक्षा एवं उनके विकास पर निर्भर करती है। बच्चों की प्रथम पाठशाला उसका परिवार होता है, अतः प्रथम शिक्षक के रूप में अभिभावक अपने बच्चों में गुरुजनों का सम्मान करने का भाव उत्पन्न करें, जिससे वह शिक्षकों के कुशल मार्गदर्शन में देश की उन्नति में मुख्य भूमिका अदा कर सकें। देश को विकसित राष्ट्र बनाने में शिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका है।
इस अवसर पर जिला विद्यालय निरीक्षक संजीव कुमार ने मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि समाज के बौद्धिक एवं वैचारिक विकास के महत्व को रेखांकित करने के लिए इस योजना के माध्यम से पात्र शिक्षकों को चिकित्सालयों में 5 लाख रुपये के निःशुल्क कैशलेस उपचार की सुविधा उपलब्ध होगी। साथ ही पीएनबी के सहयोग से शिक्षकों को सामाजिक सुरक्षा से संबंधित विभिन्न योजनाओं एवं बैंकिंग सेवाओं का लाभ भी प्रदान किया जाएगा। कार्यक्रम में उपस्थित शिक्षकों से योजना का अधिकतम लाभ उठाने तथा समयबद्ध रूप से आवश्यक औपचारिकताएं पूर्ण करने का आह्वान किया गया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि सहित उपस्थित जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा डॉ0 विनीता वर्मा, डॉ0 अजहर जुनैद, डॉ0 राम नरेश सिंह, डॉ0 सत्येंद्र कुमार, डॉ0 विवेक सिंह, डॉ0 रमन प्रकाश, डॉ0 विजय कुमार, डॉ, आलोक बिहारी, डॉ0 प्रशांत कुमार, डॉ0 शिल्पी, डॉ0 प्रज्ञा दीक्षित, डी0 पारूल मिश्रा, डॉ0 दीपचंद वर्मा, डॉ0 अतुल प्रताप सिंह, डॉ0 सुपर प्रधान, डॉ0 अकालू प्रसाद डॉ प्रशांत कुमार डॉ विनायक पांडेय डॉ0 अभिषेक शुक्ला, डॉ0 समीर गुप्ता, डॉ0 नीरज कुमार, डॉ0 अमीर जहां, डॉ0 शाहीन खान, डॉ0 अखिलेश कुमार तथा डॉ0 अंजू पांडे को प्रतीकात्मक रूप से कैशलेस कार्ड वितरित किए गए।
कार्यक्रम में प्रभारी जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अरुण कुमार सिंह, नोडल अधिकारी उच्च शिक्षा डॉ0 कल्पना, सहित शिक्षा विभाग के अन्य अधिकारी, पंजाब नेशनल बैंक के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में शिक्षक एवं शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।

