फर्रूखाबाद (एफबीडी न्यूज़) 25 जुलाई। आज आरटीओ- प्रवर्तन, कानपुर राहुल श्रीवास्तव के नेतृत्व में परिवहन विभाग की 4 टीमों के द्वारा टैम्पो, ई-रिक्शा, मारूति वैन तथा निजी वाहनो से स्कूली बच्चों को ले जाने के विरूद्ध में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। चेकिंग अभियान एआरटीओ- प्रवर्तन, फर्रूखाबाद सुभाष राजपूत, यात्री/मालकर अधिकारी, कानपुर देहात श्रीमती स्मिता वर्मा, यात्री/मालकर अधिकारी, औरेया मानवेन्द्र सिंह तथा यात्री/मालकर अधिकारी, कन्नौज श्रीमती सुनीता सैनी की प्रवर्तन टीमों के द्वारा चलाया गया। यातायात उप निरीक्षक ओम प्रकाश पाण्डेय भी साथ रहे। अभियान के अन्तर्गत 42 वाहनों के चालान किये गये, 6 वाहन बन्द किये गये तथा 4.35 लाख जुर्माना लगाया गया।
स्कूल बस की विशिष्टियों के अनुसार स्कूल बस का रंग पीला हो, आगे पीछे स्कूल बस लिखा हो, स्कूल का नाम व टेलीफोन, मोबाइल नम्बर लिखा हो, 2 कि0ग्रा0 की क्षमता के दो बी0आई0एस0 मार्क के अग्निशमन यंत्र हों, फर्स्टएड बाक्स हो, प्रत्येक सीट पर सीट बेल्ट लगी हो, सीटों के नीचे स्कूल बैग रखने का स्थान हो, सीसीटीवी कैमरा लगा हो तथा क्रियाशील हो, जीपीएस लगा हो, गति सीमा यंत्र लगा हो ताकि गति 40 कि0मी0 प्रतिघण्टा से अधिक न हो पाये, खिड़की में क्षैतिज स्टील की छड़ों को इस प्रकार फिट किया जायेगा कि दो छड़ो में 5 से0मी0 से अधिक का अन्तर न हो, स्कूल बस में प्रेशर हार्न व मल्टी टोन हार्न नहीं लगा हो, वाहन चालक के पास वैध ड्राइविंग लाइसेन्स हो तथा कम से कम 5 वर्ष का वाहन चलाने का अनुभव हो।
यह चेकिंग अभियान आगे भी जारी रहेगा, जिसमें कानपुर देहात, कन्नौज, औरेया व कानपुर नगर की टीमों द्वारा सघन कार्यवाही की जायेगी।

