फर्रुखाबाद (एफबीडी न्यूज) 27 जुलाई। जिले के एकमात्र आदर्श थाना मऊदरवाजा पुलिस ने विभागीय दीवान के यहां हुई लाखों की चोरी की रिपोर्ट दर्ज नहीं की है। करीब एक माह बाद दीवान की पत्नी रुपा देवी ने ई- एफआईआर कराई है। श्रीमती रुपा देवी ने दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा है कि प्रार्थिनी मोहल्ला अलका इन्कलेब अजमतपुर थाना मऊदरवाजा की निवासिनी है। प्रार्थिनी अपने बच्चों सहित खाटू श्याम (राजस्थान) घूमने गयी थी तभी 27/06/2026 की रात को प्रार्थिनी के घर अज्ञात चोरों द्वारा ताला तोडकर घर में रखे जेवरात व नकदी चोरी कर लिये गये। जिसमें सोने का गले का हार, सोने की झुमकी, सोने की दो अंगूठी, सोने के 2 मंगलसूत्र गले की चैन सोने की, कुण्डल सोने के दो जोडी बेसर सोने की, 2 चांदी की पायल, 2 जोडी कमर की करधनी 3 बच्चो की चांदी की पायल तथा नगद 35 हजार रूपये चोरी कर लिये गये।
प्रार्थिनी के पति आलोक कुमार पुलिस विभाग में कार्यरत है। वह अपनी डियूटी से जब वापस आये तो उन्हे अपने घर का ताला टूटा हुआ मिला। जिसकी सूचना प्रार्थिनी के पति द्वारा डायल 112 पर दी गयी मौके पर पहुंची पुलिस तथा फारेसिस टीम व चौकी इंचार्ज मौके पर पहुंचे और साक्ष्य जुटाये टीम ने फिंगर प्रिन्ट और अन्य नमूने भी एकत्र किये है। प्रार्थिनी ने दिनांक 28/06/2026 को थानाध्यक्ष थाना मऊदरवाजा को प्रार्थना पत्र दिया था परन्तु आज तक प्रार्थिनी की प्रथन सूचना रिपोर्ट अंकित नहीं की और न ही पुलिस थाना मऊदरवाजा द्वारा कोई कार्यवाही की गयी। प्रार्थिनी के जाने पर लगातार थाना पुलिस द्वारा टाल मटोल किया जा रहा है। प्रार्थिनी मजबूर होकर प्रार्थना पत्र दे रही है। न्यायहित में प्रार्थिनी की प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज कराकर विधिक कार्यवाही करना नितान्त आवश्यक है। इस मुकदमे की विवेचना थानाध्यक्ष अजब सिंह के द्वारा की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों की घोर लापरवाही
दीवान आलोक कुमार जाटव के यहां हुई लाखों की चोरी की रिपोर्ट दर्ज न करने के मामले में पुलिस की घोर लापरवाही एवं संवेदनहीनता प्रकाश में आई है। दीवान आलोक कुमार ने एफबीडी न्यूज़ को बताया कि जब थाना पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की तब उन्होंने पुलिस अधीक्षक से शिकायत की, बाद में एसपी की गैर मौजूदगी में सीओ मोहम्मदाबाद एवं सीओ कायमगंज को भी शिकायती पत्र दिए। आईजीआरएस पर शिकायत की जिस पर चौकी इंचार्ज ने चोरी की घटना को संदिग्ध दिखाकर लीपा पोती कर दी। दीवान आलोक ने बताया कि आईजीआरएस की शिकायत के संबंध में पुलिस ने हम लोगों से कोई संपर्क नहीं किया।
ग्राम अजमतपुर निवासी नीरज पाल पुत्र रामनिवास एवं संजीव जाटव पुत्र राम सिंह को शिकायत के निस्तारण में गवाह दर्शाया गया है। मालूम हो कि पड़ोसी ग्राम कुइयांबूट महावीर इंटर कॉलेज के निकट रहने वाले आगरा में तैनात दरोगा जितेन्द्र सिंह चौहान के मकान से चोर 20 अगस्त 2025 को दिनदहाड़े लाखों रूपयों के जेवरात 45000 की नगदी एवं गैस सिलेंडर चुरा ले गए थे। पुलिस ने इस मामले में फाइनल रिपोर्ट लगाई थी।

