50 प्रतिशत मानदेय बढ़ने से आंगनबाड़ी कार्यकत्री एवं सहायिकाएं खुश

फर्रुखाबाद (एफबीडी न्यूज़) 8 सितंबर। प्रदेश सरकार द्वारा 50% मानदेय में वृद्धि किए जाने से कार्य कत्रियों एवं सहायिकाओं में खुशी व्याप्त हो गई। अयोध्या में सूबे के मुख्यमंत्री योगी के द्वारा आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं के मानदेय में वृद्धि किए जाने के नाम पर कार्यकर्ताओं को फतेहगढ़ गेस्ट हाउस में बुलाया गया।
आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, सहायिकाओं, लाभार्थियों एवं उनके अभिभावकों की अधिकतम सहभागिता सुनिश्चित करते हुए विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन द रॉयल जे0जे0आर0 पैलेस, फतेहगढ़ में किया गया। कार्यक्रम में बाल विकास परियोजना कमालगंज, शहर, मोहम्मदाबाद एवं बढ़पुर की आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं ने प्रतिभाग किया।

कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़, जिला विकास अधिकारी एसके तिवारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी सुनील कुमार श्रीवास्तव, जिला प्रोबेशन अधिकारी अनिल चन्द्र तथा बाल विकास परियोजना अधिकारियों सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री द्वारा जनपद अयोध्या में आयोजित कार्यक्रम का सजीव प्रसारण किया गया। मुख्यमंत्री द्वारा आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं के मानदेय में 50 प्रतिशत वृद्धि किए जाने की घोषणा की गई। घोषणा का उपस्थित आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं ने स्वागत करते हुए हर्ष व्यक्त किया।

जनपद स्तर पर सैम श्रेणी से सामान्य श्रेणी प्राप्त करने वाले 7 बच्चों एवं उनके माता-पिता को उपचार, शॉल एवं प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया। साथ ही बच्चों के स्वास्थ्य एवं विकास में उत्कृष्ट कार्य करने वाली 7 आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को प्रशस्ति-पत्र प्रदान किए गए। प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना के अंतर्गत लाभार्थियों को प्रतीकात्मक चेक भी वितरित किए गए। इस अवसर पर विधायक अमृतपुर सुशील कुमार शाक्य ने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं के मानदेय में वृद्धि के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए सभी को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां एवं सहायिकाएं बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण एवं प्रारंभिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। सभी कार्यकत्रियां पूरी ऊर्जा एवं समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें, ताकि प्रदेश एवं देश का कोई भी बच्चा शारीरिक एवं मानसिक रूप से कमजोर न रहे।

सांसद मुकेश राजपूत ने भी मानदेय में वृद्धि के लिए मुख्यमंत्री एवं प्रदेश सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां एवं सहायिकाएं समाज की भावी पीढ़ी के स्वास्थ्य एवं विकास की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभा रही हैं। उन्होंने सभी से स्वस्थ एवं सुपोषित बच्चों के निर्माण के लिए पूरी ऊर्जा के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
जिलाधिकारी डॉ0 अंकुर लाठर ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं के मानदेय में वृद्धि उनके परिश्रम एवं लगन का सम्मान है। उन्होंने कहा कि एनआरसी में कुपोषित एवं अतिकुपोषित बच्चों के उपचार एवं विकास में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों की महत्वपूर्ण भूमिका है। सभी कार्यकत्रियां आंगनबाड़ी केंद्रों पर आने वाले बच्चों के वजन एवं लंबाई का नियमित मापन कर उनके शारीरिक विकास की निगरानी करें। साथ ही बच्चों के टीकाकरण एवं पोषण के प्रति अभिभावकों को जागरूक करें तथा बच्चों में खून की कमी दूर करने वाले पोषक तत्वों की पूर्ति हेतु अभिभावकों को प्रेरित करें।

error: Content is protected !!