3 दिनों में स्कूलों की टंकियों की सफाई व एक सप्ताह में जर्जर भवनों को गिराने का फरमान

फर्रुखाबाद (एफबीडी न्यूज) 9 सितंबर। प्रशासन ने 3 दिनों में स्कूलों की टंकियां की सफाई व 7 दिनों में जर्जर भवनों के ध्वस्तीकरण किये जाने का फरमान जारी किया है। जिलाधिकारी डॉ0 अंकुर लाठर की अध्यक्षता में जिला बेसिक शिक्षा विभाग में संचालित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा बैठक कलेक्ट्रेट सभागार फतेहगढ़ में हुई। बैठक में डीएम ने बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा संचालित योजनाओं एवं कार्यक्रमों की बिंदुवार समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने ने कहा कि प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों में बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है।

विद्यालयों में शिक्षकों की उपस्थिति, छात्र नामांकन, विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति तथा शिक्षण कार्य की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाए। विद्यालयों में उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं, स्वच्छता, पेयजल, शौचालय एवं मध्यान्ह भोजन व्यवस्था को भी बेहतर रखा जाए। उन्होंने कहा कि शासन द्वारा संचालित सभी योजनाओं का लाभ पात्र विद्यार्थियों तक समयबद्ध एवं पारदर्शी ढंग से पहुंचाया जाए। छात्र-छात्राओं को निःशुल्क पाठ्य-पुस्तक, यूनिफॉर्म, जूते-मोजे, स्कूल बैग एवं अन्य निर्धारित सुविधाएं समय से उपलब्ध कराई जाएं। विद्यालयों में नामांकन के सापेक्ष विद्यार्थियों की उपस्थिति की नियमित समीक्षा करते हुए कम उपस्थिति वाले बच्चों के अभिभावकों से संपर्क कर उन्हें विद्यालय आने के लिए प्रेरित किया जाए।

डीएम ने विद्यालयों के निरीक्षण की स्थिति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि विद्यालयों का नियमित एवं प्रभावी निरीक्षण कर शैक्षणिक गुणवत्ता का परीक्षण किया जाए। पीएम श्री विद्यालयों में रंगाई पुताई के कार्य सहित बच्चों के अध्ययन कार्य हेतु अन्य आवश्यक संसाधन पूर्ण किये जायें। इसके साथ ही उन्होंने बेसिक शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिए कि परिषदीय विद्यालयों में निरीक्षण के दौरान पाई जाने वाली कमियों का तत्काल निराकरण सुनिश्चित कराया जाए तथा लापरवाही पाए जाने पर संबंधित खण्ड शिक्षा अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई पूर्ण करें।

उन्होंने कहा कि जनपद में परिषदीय विद्यालयों के जर्जर भवनों के ध्वस्तीकरण की कार्यवाही 1 सप्ताह के भीतर पूर्ण करें। कायाकल्प योजना के तहत 19 मानक बिंदुओं की पूर्ति हेतु खण्ड शिक्षा अधिकारी संवेदनशीलता के साथ कार्य करें, अन्यथा की स्थिति में कठोर कार्यवाही की जाएगी। सभी परिषदीय विद्यालयों में बच्चों के पीने के पानी की टंकी की सफाई 3 दिवस में पूर्ण करना सुनिश्चित कर आख्या उपलब्ध कराएं। इसके साथ ही बच्चों के सीखने के स्तर का नियमित आकलन करें तथा विद्यालयों में अनुशासन एवं सुरक्षित वातावरण बनाए रखने के निर्देश दिए।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़ , परियोजना निदेशक डीआरडीए कपिल कुमार, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी विश्वनाथ प्रताप सिंह सहित बेसिक शिक्षा विभाग के संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

error: Content is protected !!