फर्रुखाबाद (एफबीडी न्यूज़) 24 अक्टूबर 26। संकिसा बौद्ध नगरी के निकट पड़ोसी जिला मैनपुरी के ग्राम जसराजपुर स्थित वाईबीएस सेंटर पर आज बुद्ध परंपरा से 4 दिवसीय अभिधंम्म समारोह का शुभारंभ हो गया। अभिधंम्म समारोह के शुभारंभ से पूर्व सामूहिक बुद्ध वंदना, पूजा-अर्चना तथा पाली भाषा में महापरिनिर्वाण पाठ के माध्यम से बौद्ध धर्म की शिक्षाओं और गाथाओं का गुणगान किया गया। कार्यक्रम में देश-विदेश से आए बौद्ध अनुयायियों ने हिस्सा लिया। 26 अक्टूबर को सूबे के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य का कार्यक्रम प्रस्तावित है। इसी कार्यक्रम की तैयारी को लेकर जिलाधिकारी एंव पुलिस कप्तान ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया।
भन्ते उपनन्द थैरों ने बौद्ध धर्म के सिद्धांतों, भगवान बुद्ध के उपदेशों और उनके बताए शांति, करुणा तथा सद्भाव के मार्ग पर चलने का आवाहन किया। अभिधम्म समारोह में श्रीलंका, जापान, कनाडा, तिव्वत आदि देशों से आए बौद्ध धर्म के अनुयायियों बौद्ध संस्कृति, परंपरा और शिक्षाओं को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश दिया। अभिधम्म समारोह में 26 अक्टूबर को प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य एवं कैबिनेट मंत्री जयवीर सिंह के आगमन को लेकर प्रशासन और आयोजन समिति ने तैयारियां तेज कर दी हैं।
आज शनिवार को जिलाधिकारी इन्द्रमणि त्रिपाठी और पुलिस अधीक्षक गणेश प्रसाद साहा ने कार्यक्रम स्थल का जायजा लिया। कार्यक्रम के संयोजक सुरेश बौद्ध से व्यवस्था संबंधी जानकारी ली। अधिकारियों ने उपमुख्यमंत्री के संभावित आगमन को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर चर्चा की। वाईबीएस के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुरेश बौद्ध ने बताया कि उपमुख्यमंत्री के आगमन को देखते हुए कार्यक्रम को व्यवस्थित करने पर जोर दिया जा रहा है, जिससे समारोह में आने वाले अतिथियों और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होने बताया कि वाॅलिटियर्स ग्रुप को कन्ट्रोल करने के लिये आलोक दीप को प्रभारी बनाया गया है तथा पण्डाल एवं विजली व्यवस्था की जिम्मेदारी अखिलेश शाक्य एवं भूरे को सौपी गई है।
पूर्व मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य का भ्रमण कार्यक्रम
पूर्व काबीना मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य के धम्मालोंको बुद्ध विहार में आयोजित बौद्ध महोत्सव में शामिल होने का विधिवत कार्यक्रम आ गया है। कार्यक्रम के मुताबिक श्री मौर्य 25 अक्टूबर को शाम 7.30 बजे संकिसा बौद्ध महोत्सव कार्यक्रम में शामिल होंगे। वह रात 10 बजे बेवर होकर लखनऊ चले जाएंगे।























