फर्रुखाबाद (एफबीडी न्यूज़) 26 जुलाई। पांचाल घाट मसेनी रोड स्थित पेट्रोल पंप के निकट फरीदाबाद निवासी अरुण सिंह की पत्नी के सामने गोली मारकर हत्या कर दी गई। सरेआम हत्या की घटना से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। हरियाणा के जनपद फरीदाबाद थाना चंदावली के दयालपुर निवासी सुरेंद्र सिंह का 32 वर्षीय पुत्र अरुण सिंह पत्नी राखी व 2 वर्षीय बेटे जयंत के साथ 24 जुलाई को कार नम्बर एचआर 29 बीसी/ 2742 द्वारा यात्रा के लिए निकला था। 
अरुण जनपद बनारस से फर्रुखाबाद होकर आगरा जा रहा था। वह आज रात करीब 9 बजे पांचाल घाट पुलिस चौकी के निकट पेट्रोल पंप के पास पंकज चौहान किराना स्टोर के पास रुका। 
अरुण कोल्ड ड्रिंक एवं बच्चे के लिए चॉकलेट लेने के लिए किराना स्टोर पर पहुंचा। उसी समय पीछा करते आए सफेद कार सवार 2 युवक वहां पहुंचे युवकों ने नजदीक से अरुण सिंह के सिर में 2 गोली मारी। गोली लगने से अरुण सिंह दुकान पर ही गिर पडे। हमलावर कार से मसेनी चौराहे की ओर भाग गए। सूचना मिलने पर पुलिस अधीक्षक, अपर पुलिस अधीक्षक, सीओ सिटी, कादरी गेट थाना प्रभारी फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। सूचना मिलते ही पायलट विपिन कुमार एमटी राजीव सिंह के साथ एंबुलेंस लेकर घटना स्थल पहुंचा। 
अरुण की पत्नी राखी चौकी के सिपाही सुरेंद्र पाल के साथ घायल अरुण सिंह को एम्बुलेंस से लेकर रात 9.30 बजे लोहिया अस्पताल पहुंचे। डॉक्टर ने अरुण सिंह को मृत घोषित कर दिया। सीओ सिटी अभय वर्मा ने अरुण की पत्नी राखी से घटना के बारे में जानकारी की। पुलिस ने हमलावरों की तलाश में सीसीटीवी कैमरे खंगाले। बताया गया कि अरुण सिंह प्लाटिंग कंपनी में नौकरी करता था।

