फर्रुखाबाद (एफबीडी न्यूज़) 27 जुलाई। प्रॉपर्टी डीलर अरुण सिंह की हत्या के मामले में पुलिस की पांच टीमें लगाई गई है। कानपुर परिक्षेत्र के डीआईजी जमुना प्रसाद ने आज घटनास्थल का जायजा लेकर अधिकारियों को हिदायत दी कि शीघ्र ही हत्याकांड का खुलासा कर हत्यारों को गिरफ्तार किया जाए। मध्य रात रात पुलिस अधीक्षक श्रीमती आरती सिंह ने मीडिया को अवगत कराया कि वाहन सवार दो लोगों ने अरुण सिंह की गोली मारकर हत्या की है। सभी पहलुओं की जांच कर घटना का शीघ्र ही अनावरण किया जाएगा। उन्होंने अरुण सिंह की रेकी किए जाने की संभावना से इनकार नहीं किया है। आज डॉ विकास पटेल एवं डॉक्टर परीक्षित सफीर की टीम ने अरुण के शव का पोस्टमार्टम किया। 
पोस्टमार्टम के दौरान अरुण के सिर व हाथ में गोली का घाव देखा गया, गोली पार निकल गई थी। अरुण की पत्नी श्रीमती राखी ने वाहन सवार दो अज्ञात हमलावरों के विरुद्ध हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। मुकदमे की जांच कादरीगेट थानाध्यक्ष कपिल कुमार चौधरी के द्वारा की जा रही है उन्होंने बताया कि हत्यारों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की पांच टीमें लगाई गई है। पुलिस को अभी तक हत्या में प्रयोग की गई कार का सीसीटीवी फुटेज नहीं मिला है।
मालूम हो कि बीती रात पांचाल घाट मसेनी रोड स्थित पेट्रोल पंप के निकट फरीदाबाद निवासी अरुण सिंह की पत्नी के सामने गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। सरेआम हत्या की घटना से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया था। हरियाणा के जनपद फरीदाबाद थाना चंदावली के दयालपुर निवासी सुरेंद्र सिंह का 32 वर्षीय पुत्र अरुण सिंह पत्नी राखी व 2 वर्षीय बेटे जयंत के साथ 24 जुलाई को कार नम्बर एचआर 29 बीसी/ 2742 द्वारा यात्रा के लिए निकला था।
अरुण जनपद बनारस से फर्रुखाबाद होकर आगरा जा रहा था। वह रात करीब 9 बजे पांचाल घाट पुलिस चौकी के निकट पेट्रोल पंप के पास पंकज चौहान किराना स्टोर के पास रुका। अरुण कोल्ड ड्रिंक एवं बच्चे के लिए चॉकलेट लेने के लिए किराना स्टोर पर पहुंचा। उसी समय पीछा करते आए सफेद कार सवार 2 युवक वहां पहुंचे युवकों ने नजदीक से अरुण सिंह के सिर में 2 गोली मारी। गोली लगने से अरुण सिंह दुकान पर ही गिर पडे़ थे। हमलावर कार से मसेनी चौराहे की ओर भाग गए थे।

