पांच वर्ष तक के बच्चों के स्वास्थ्य पर विशेष फोकस: घर-घर होगी निगरानी

फर्रुखाबाद (एफबीडी न्यूज़) 2 अगस्त। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आनंद उपाध्याय ने जिले में शून्य से पांच वर्ष तक के बच्चों के स्वास्थ्य को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए संबंधित स्वास्थ्य अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक बच्चे की नियमित स्वास्थ्य निगरानी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि नवजात एवं छोटे बच्चों का समय पर टीकाकरण, पोषण स्तर की जांच, वृद्धि की निगरानी तथा सामान्य बीमारियों की समय रहते पहचान करना स्वास्थ्य विभाग की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। सीएमओ ने निर्देश दिए कि आशा, एएनएम एवं आंगनबाड़ी कार्य कर्ताओं के माध्यम से घर-घर भ्रमण कर बच्चों के स्वास्थ्य की जानकारी प्राप्त की जाए। जिन बच्चों में कुपोषण, कम वजन, बुखार, निमोनिया, दस्त अथवा अन्य स्वास्थ्य समस्याओं के लक्षण दिखाई दें, उन्हें तत्काल नजदीकी सरकारी स्वास्थ्य केंद्र पर उपचार उपलब्ध कराया जाए। आवश्यकता पड़ने पर ऐसे बच्चों को पोषण पुनर्वास केंद्र (NRC) एवं उच्च स्वास्थ्य संस्थानों के लिए भी संदर्भित किया जाए।

उन्होंने कहा कि नियमित एवं पूर्ण टीकाकरण, स्तनपान के प्रति जागरूकता, संतुलित पूरक आहार तथा स्वच्छता संबंधी व्यवहार बच्चों को गंभीर बीमारियों से सुरक्षित रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। सभी स्वास्थ्य कर्मी अभिभावकों को इन विषयों पर निरंतर जागरूक करें। डॉ. आनंद उपाध्याय ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा संचालित दस्तक अभियान, नियमित टीकाकरण कार्यक्रम तथा बाल स्वास्थ्य सेवाओं के माध्यम से प्रत्येक बच्चे तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना लक्ष्य है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसी भी पात्र बच्चे का टीकाकरण अथवा स्वास्थ्य परीक्षण छूटने न पाए तथा अभियान की नियमित मॉनिटरिंग की जाए। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि अपने बच्चों का जन्म के बाद से निर्धारित समय पर सभी टीके अवश्य लगवाएं, किसी भी बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर तत्काल सरकारी स्वास्थ्य संस्थान से संपर्क करें तथा स्वास्थ्य विभाग द्वारा संचालित सभी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाएं।

error: Content is protected !!