यू-विन एवं ई-विन पोर्टल की प्रभावी मॉनिटरिंग: नियमित टीकाकरण को मिलेगी नई गति

फर्रुखाबाद (एफबीडी न्यूज़) 2 अगस्त। जनपद में नियमित टीकाकरण कार्यक्रम को और अधिक प्रभावी एवं शत-प्रतिशत बनाने के उद्देश्य से मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आनंद उपाध्याय की अध्यक्षता में मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय सभागार में यू-विन (U-WIN) एवं ई-विन (eVIN) पोर्टल के प्रभावी संचालन, टीकाकरण रिपोर्टिंग एवं कार्यक्रम की गुणवत्ता सुधार हेतु एक दिवसीय अभिमुखी करण एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य चिकित्सा अधिकारी द्वारा मां सरस्वती के चित्र पर पुष्प अर्पित कर किया गया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आनंद उपाध्याय ने कहा कि सभी संबंधित अधिकारी यू-विन एवं ई-विन पोर्टल की नियमित समीक्षा करते हुए शत-प्रतिशत लाभार्थियों का समयबद्ध पंजीकरण एवं टीकाकरण की ऑनलाइन रिपोर्टिंग सुनिश्चित करें।

उन्होंने कहा कि नियमित प्रतिरक्षण कार्यक्रम के माध्यम से प्रत्येक पात्र बच्चे तक समय पर सभी टीके पहुंचाना स्वास्थ्य विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इससे बच्चों को डिप्थीरिया, काली खांसी, टिटनेस, पोलियो, हेपेटाइटिस-बी, खसरा-रूबेला सहित 12 जानलेवा बीमारियों से सुरक्षित रखा जा सकता है। उन्होंने जनपद के समस्त अभिभावकों से अपील की कि 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की सभी पात्र बालिकाओं को एचपीवी (HPV) वैक्सीन अवश्य लगवाएं। यह टीका भविष्य में सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाव का प्रभावी माध्यम है तथा स्वास्थ्य विभाग द्वारा पूर्णतः निःशुल्क उपलब्ध कराया जा रहा है।

प्रशिक्षण का संचालन एसीएमओ (डीआईओ) डॉ. सर्वेश यादव द्वारा किया गया। उन्होंने यू-विन एवं ई-विन पोर्टल पर लाभार्थियों के पंजीकरण, वैक्सीन स्टॉक प्रबंधन, कोल्ड चेन व्यवस्था, ऑनलाइन रिपोर्टिंग एवं डेटा गुणवत्ता से संबंधित तकनीकी बिंदुओं की विस्तृत जानकारी देते हुए सभी नोडल अधिकारियों से निर्धारित मानकों के अनुरूप कार्य करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में जनपद के समस्त यू-विन एवं ई-विन नोडल अधिकारी एवं प्रतिरक्षण कार्यक्रम से जुड़े स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे।

error: Content is protected !!