फर्रुखाबाद (एफबीडी न्यूज़) 10 अगस्त। मोहम्मदाबाद कोतवाली क्षेत्र में 2 कांवरियों की मौत हो जाने से परिवार में मातम छा गया।
जनपद मैनपुरी थाना दन्नाहार के ग्राम जंगपुरा निवासी रामलड़ैते अपने करीब 4 दर्जन साथियों के साथ बाइकों से दोपहर करीब 12 बजे गांव से पांचाल घाट फर्रुखाबाद से गंगा जल लेने रवाना हुए। वह लोग शाम 6 बजे पांचाल घाट से गंगा जल लेकर मैनपुरी स्थित मारकंड मंदिर के लिए रवाना हुए थे। कांवरियों का जत्था रात 10.30 बजे इटावा बरेली हाईवे पर खाटू श्याम मंदिर और हवाई पट्टी के बीच से गुजर रहा था। बताया गया कि उसी दौरान एक अपाचे बाइक सवार ने ऋषभ की बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने से बाइक सवार ऋषभ और पीछे बैठी गिरजा देवी सड़क पर जा गिरे।
उसी दौरान पीछे से तेजी से आए वाहन की चपेट में आ गए। हादसे में रामलड़ैते की 32 वर्षीय पत्नी गिरजा देवी तथा उनके मामा माया प्रसाद का 16 वर्षीय पुत्र ऋषभ की मौके पर ही मौत हो गई। डायल 112 की सूचना पर प्रभारी निरीक्षक पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों शवों को लोहिया अस्पताल की मोर्चरी भिजवाया। हादसे की जानकारी मिलने पर मृतकों के परिजन भी लोहिया अस्पताल पहुंच गए। गिरजा देवी के पीछे 12 वर्षीय पुत्री मोहिनी तथा 7 वर्षीय पुत्र रिशु और 5 वर्षीय पुत्र रितिक हैं। हादसे की खबर से परिवार में कोहराम मच गया।

