फर्रुखाबाद (एफबीडी न्यूज़) 9 अगस्त। दिनांक 29 जुलाई को FBD News पर “सचिन को भाजपा की टिकट मिल गई ? तो चुनाव भी जीत जाएंगे !” शीर्षक से एक विश्लेषणात्मक समाचार प्रकाशित किया गया था। उक्त समाचार सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म (फेसबुक) पर वायरल एक पोस्ट और उस पर आम यूजर्स द्वारा की गई विभिन्न प्रतिक्रियाओं व कमेंट्स पर आधारित था। हमारा उद्देश्य केवल सोशल मीडिया पर चल रही जनचर्चा का निष्पक्ष विश्लेषण प्रस्तुत करना था, किसी भी व्यक्ति या परिवार की प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचाना नहीं था। पूर्व विधायक व मंत्री नरेंद्र सिंह यादव, जिला पंचायत अध्यक्ष मोनिका यादव एवं सचिन सिंह यादव के परिवार की सामाजिक, राजनीतिक व जनसेवा के क्षेत्र में एक प्रतिष्ठित छवि रही है।
यदि उक्त समाचार के प्रकाशन से सचिन सिंह यादव, उनके परिवारजनों, समर्थकों या शुभचिंतकों की भावनाओं को कोई ठेस पहुँची है या उनकी सामाजिक प्रतिष्ठा को कोई आघात लगा है, तो FBD News इसके लिए सच्चे मन से खेद व्यक्त करता है। FBD News निष्पक्ष और जिम्मेदार पत्रकारिता के मूल्यों के प्रति प्रतिबद्ध है तथा भविष्य में भी सही व सटीक खबरें जनता तक पहुँचाने के लिए संकल्पबद्ध है।
सम्पादक
FBD News

