फर्रुखाबाद (एफबीडी न्यूज़) 1 सितंबर। भारतीय किसान यूनियन (महात्मा टिकैत) गुट ने समस्याओं के समाधान के लिए मुख्यमंत्री से भेंट कराये जाने की मांग की है। भाकियू ने मीडिया को भेजें गए ज्ञापन में कहा है कि ग्राम सभा झंसी की गाटा सं० 125 (क) रकवा 0.4045 पर लगभग 40 साल पूर्व काबिज राजू शैलेष बृजेश गणेश उमेश पुत्रगण अशरफी लाल व गीता देवी पत्नी शैलेष निवासी ग्राम झंसी जहानगंज को वर्तमान लेखपाल द्वारा गाटा सं० 123 की भूमि बताकर अपने जमीन से हटा दिया गया है। अभी तक पीड़ितो को गाटा सं० 125 (क) में भूमि की नाप नहीं की गयी है, जिसकी नाप कराकर गाटा सं० 125 क में कब्जा कराया जाये।
पीड़ित अनिल कुमार आदि की ग्राम कुबेरपुर जुन्नारदार की गाटा सं० 117/1 की नाप कल वर्तमान लेखपाल द्वारा 31.08.26 को कर दी गयी थी। निशान लगवाकर पोल गड़ा दिया गये थे जब सभी लोग वहां से चले गये अवैध कब्जेदार अनोखेलाल पुत्र केवल व पप्पू जसवीर राजू पुत्रगण जगत देव के द्वारा पीड़ित को गाली गलौज उक्त भूमि से कब्जा हटवा दिया। गढ़ाये गये पोल भी उखाड़ कर फेंक दिये और पीड़ित को जान माल की धमकी भी दी गयी है। अवैध कब्जेदारों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करके कार्यवाही की जाये। ग्राम पुनपालपुर निवासी डा० पन्नालाल राजपूत की भूमि पर आज तक अतिक्रमण व मलवा नही हट पाया है जबकि जिलाधिकारी ने मलबा हटवाने के आदेश कर दिया गया था जिसको हटवाया जाना चाहिये।
ज्ञापन में कहा गया है कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्र का मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ फर्रुखाबाद जायजा लेने आ रहे है। जिनसे भारतीय किसान यूनियन महात्मा टिकैत के प्रतिनिधि मण्डल की वार्ता करायी जाये। सात दिनों से पहले इन समस्याओ का निस्तारण की जाये, नही तो भारतीय किसान यूनियन (महात्मा) टिकैत अनिश्चित कालीन आंदोलन करेगी। ज्ञापन पर युवा जिलाध्यक्ष पवन कुमार जोशी आदि ने हस्ताक्षर किए हैं।

