फर्रुखाबाद (एफबीडी न्यूज़) 11 सितम्बर 26 आज पर्यटन मंत्री एवं प्रभारी मंत्री जयवीर सिंह की अध्यक्षता में जनपद के विकास कार्यों एवं कानून व्यवस्था की समीक्षा बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में हुई। बैठक में प्रशासक जिला पंचायत श्रीमती मोनिका यादव, विधायक सदर मेजर सुनील दत्त द्विवेदी, विधायक अमृतपुर सुशील कुमार शाक्य, विधायक भोजपुर नागेन्द्र सिंह राठौर, विधायक कायमगंज डॉ0 सुरभि, जिलाध्यक्ष भाजपा फतेहचंद्र वर्मा सहित अन्य गणमान्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान मंत्री सहित अन्य जनप्रतिनिधियों द्वारा कलेक्ट्रेट प्रांगण में विभिन्न विभागों द्वारा जनकल्याणकारी योजनाओं पर आधारित प्रदर्शनी का अवलोकन किया गया। इसके उपरांत बैठक में जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा अतिथियों का पौधा भेंट कर स्वागत किया गया। इसके पश्चात मंत्री सहित अन्य अतिथियों द्वारा विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र एवं चेक वितरित किए गए। जिलाधिकारी द्वारा मंत्री को टेक्सटाइल चित्र का फोटो सम्मानस्वरूप भेंट किया गया।
बैठक में मंत्री श्री सिंह ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की मंशा के अनुरूप जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक समयबद्ध एवं पारदर्शी ढंग से पहुंचाया जाए। विकास कार्यों में गुणवत्ता एवं समयबद्धता का विशेष ध्यान रखा जाए तथा निर्माणाधीन परियोजनाओं को निर्धारित समयसीमा में पूर्ण कराकर उनका लाभ आमजन को उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत कार्यों में लगे क्षेत्रीय अधिकारियों के नंबर संबंधित मजरों में भी साझा करें। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी बाढ़ प्रभावित क्षेत्र एवं विकासखंड स्तर पर अभियान चलाकर बच्चों को कृमि नाशक दवाओं एवं टीकाकरण से आच्छादित करें।
मंत्री ने कहा कि भारत के प्रधानमंत्री जी के 25 वर्षों के निरंतर सेवाकाल की जनकल्याणकारी उपलब्धियों को जन जन तक पहुंचाने तथा प्रत्येक नागरिक को “विकसित भारत 2047” के सामूहिक राष्ट्रीय संकल्प से जोड़ने हेतु 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर 26 के मध्य आयोजित “सेवा संकल्प अभियान” में अधिक से अधिक जनसामान्य की प्रतिभागिता सुनिश्चित की जाए। बैठक में मंत्री ने विकास कार्यों की प्रगति में प्रदेश के शीर्ष 10 जनपदों की सूची में जनपद फर्रुखाबाद का नाम सम्मिलित होने पर जिला प्रशासन के अधिकारियों की प्रशंसा की।
मंत्री ने कहा कि जनपद में बाढ़ जैसी आपदा की स्थिति में जिला प्रशासन द्वारा जलभराव की स्थिति में बाढ़ क्षेत्र में जो भी राहत कार्य किया जा रहे हैं इसके लिए जिला प्रशासन प्रशंसा का पात्र है। उन्होंने कहा कि अब हमें बाढ़ क्षेत्र में सतत निगरानी रखते हुए बाढ़ का पानी उतरने के पश्चात भी इसी प्रकार आमजनमानस को संक्रामक रोगों से सुरक्षित रखने हेतु सभी प्रकार की आवश्यक तैयारियां अभी से चाक चौबंद रखनी होगी।
समीक्षा बैठक में पुलिस अधीक्षक श्रीमती आरती सिंह, मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़, अपर जिलाधिकारी राजस्व अरुण कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी न्यायिक दिनेश कुमार, प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी राजीव कुमार, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ0 आनंद उपाध्याय, जिला विकास अधिकारी श्याम कुमार तिवारी, परियोजना निदेशक डीआरडीए कपिल कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।

