जानिए कब कैसे मतदाता सूची में दर्ज कराये नाम: विशेष अभियान दिवस

फर्रुखाबाद (एफबीबी न्यूज़) 14 अक्टूबर 26। जिला निर्वाचन अधिकारी ने मतदाताओं के नाम सूची में दर्ज कराए जाने की व्यापक जानकारियां दी है। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में जनपद फर्रुखाबाद में निर्वाचक नामावली के पुनरीक्षण कार्य के अंतर्गत विशेष अभियान दिवस दिनांक 17 अक्टूबर 2026 (शनिवार) एवं 24 अक्टूबर 2026 (शनिवार) को आयोजित किए जाएंगे। इन विशेष अभियान दिवसों का उद्देश्य पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में सम्मिलित कराना तथा निर्वाचक नामावली को अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाना है।

विशेष अभियान दिवस के दौरान जनपद के समस्त बूथों पर बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) प्रातः 10 बजे से सायं 4 बजे तक उपस्थित रहकर मतदाताओं से संबंधित कार्य संपादित करेंगे।अभियान के दौरान मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने, नाम एवं अन्य विवरणों में संशोधन कराने तथा आवश्यकतानुसार संबंधित प्रपत्र भरने की सुविधा उपलब्ध रहेगी। नागरिकों की सुविधा के लिए निम्न व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। विशेष अभियान दिवस पर प्रत्येक बूथ पर बूथ लेवल अधिकारी प्रातः 10 बजे से सायं 4 बजे तक उपस्थित रहेंगे।

पात्र नागरिक निर्धारित प्रपत्र-6 भरकर मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने हेतु आवेदन कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त नाम, पता एवं अन्य विवरणों में आवश्यक संशोधन के लिए संबंधित निर्धारित प्रपत्रों का उपयोग किया जा सकता है। शहरी क्षेत्रों में संबंधित सभासद तथा ग्रामीण क्षेत्रों में ग्राम प्रधान सहित अन्य जनप्रतिनिधि पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए जागरूक करने एवं आवश्यक सहयोग प्रदान करने में सहभागिता करेंगे।

मतदाता सूची में नाम सम्मिलित कराने के लिए नागरिक अपने नवीनतम फोटो, जन्मतिथि एवं निवास से संबंधित आवश्यक अभिलेखों की स्वप्रमाणित छायाप्रति उपलब्ध कराएं। यदि परिवार के किसी सदस्य का फोटो पहचान पत्र संख्या उपलब्ध है, तो उसे भी आवश्यकतानुसार बीएलओ को उपलब्ध कराया जा सकता है।विशेष अभियान दिवसों पर जिला निर्वाचन अधिकारी, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी तथा संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों द्वारा बूथों पर किए जा रहे कार्यों का निरीक्षण एवं पर्यवेक्षण किया जाएगा, ताकि अभियान को प्रभावी ढंग से संपन्न कराया जा सके।

जिला प्रशासन, फर्रुखाबाद द्वारा जनपद के समस्त नागरिकों से अपील की गई है कि वे दिनांक 17 अक्टूबर 2026 (शनिवार) एवं 24 अक्टूबर 2026 (शनिवार) को अपने संबंधित मतदान केंद्र पर पहुंचकर बीएलओ से संपर्क करें तथा मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज होने की पुष्टि करें। यदि किसी पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं है, तो निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आवेदन कर अपना नाम दर्ज कराना सुनिश्चित करें। लोकतंत्र को सशक्त बनाने के लिए मतदाता सूची में नाम दर्ज होना आवश्यक है। अतः सभी पात्र नागरिक इस विशेष अभियान का लाभ उठाएं तथा मतदाता सूची को शुद्ध, अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाने में सहयोग प्रदान करें।

error: Content is protected !!