फर्रुखाबाद (एफबीडी न्यूज़) 13 अक्टूबर 26। सूबे के मुख्यमंत्री योगी के द्वारा मानदेय बढ़ाए जाने से चौकीदारों में खुशी का माहौल है। आज मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के द्वारा जनपद बरेली से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश के ग्राम चौकीदारों से संवाद स्थापित कर उन्हें संबोधित किया गया। इस अवसर पर रॉयल जे0जे0आर0 गेस्ट हाउस फतेहगढ़ में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें जनपद के ग्राम चौकीदारों ने सहभागिता करते हुए मुख्यमंत्री का संबोधन सुना। कार्यक्रम में विधायक अमृतपुर सुशील शाक्य, विधायक कायमगंज डॉ. सुरभि सिंह, पुलिस अधीक्षक श्रीमती आरती सिंह, अपर जिलाधिकारी, अपर पुलिस अधीक्षक जनपद के समस्त क्षेत्राधिकारी एवं मिशन शक्ति से संबंधित पुलिस टीमें उपस्थित रही।
संबोधन के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ग्राम चौकीदारों का मासिक मानदेय 2,500 से बढ़ाकर 3,500 रुपये किए जाने की घोषणा की। उन्होंने उपचार हेतु प्रतिवर्ष 5 लाख तक की स्वास्थ्य सुविधा के लिए हेल्थ कार्ड प्रदान करने की जानकारी दी। इन सुविधाओं से ग्राम चौकीदारों को आर्थिक सहयोग एवं स्वास्थ्य सुरक्षा के क्षेत्र में सहायता प्राप्त होगी। इसी क्रम में मिशन शक्ति फेज-6 के अंतर्गत विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करने वाली प्रतिभाओं, समाजसेवा में सक्रिय सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं चिकित्सा क्षेत्र के विशेषज्ञों को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए।

