फर्रुखाबाद (एफबीडी न्यूज़) 28 अक्टूबर 26। आज बुधवार को भारतीय जनता पार्टी पिछड़ा मोर्चा के तत्वावधान में भारत रत्न लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जन्म जयंती के उपलक्ष्य में भाजपा जिला कार्यालय पर पिछड़ा मोर्चा जिलाध्यक्ष उमेश बाबू राठौर की अध्यक्षता में ‘सबसे ऊँचे सरदार’ संगोष्ठी का आयोजन किया गया।

सरदार पटेल का व्यक्तित्व और कद भारतीय इतिहास में सर्वोपरि
संगोष्ठी को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि विधायक सुशील शाक्य ने कहा कि भारत के इतिहास में सरदार वल्लभभाई पटेल का व्यक्तित्व और उनका कद सर्वोपरि है। उन्होंने भारत की एकता और अखंडता को मजबूत करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उन्होंने कांग्रेस पर सरदार पटेल को देश का प्रथम प्रधानमंत्री बनने से रोकने का आरोप लगाते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनके विचारों और योगदान को पूरी दुनिया तक पहुंचाने का कार्य किया है। विश्व की सबसे ऊंची प्रतिमा ‘स्टैच्यू ऑफ यूनिटी’ का निर्माण कराकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सरदार पटेल के व्यक्तित्व और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को वैश्विक पहचान दिलाई है।
563 रियासतों का भारत में विलय सरदार पटेल की दूरदृष्टि का प्रमाण
जिला संगठन प्रभारी नरेंद्र सिंह राजपूत ने कहा कि देश की आजादी के बाद भारत की एकता के सामने अनेक चुनौतियां थी। ऐसे समय में सरदार पटेल ने अपनी दूरदृष्टि, दृढ़ इच्छाशक्ति और कुशल नेतृत्व के बल पर 563 रियासतों के भारत में एकीकरण में ऐतिहासिक भूमिका निभाई। उनके प्रयासों ने राष्ट्रीय एकता को मजबूत करने और अखंड भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उन्होंने कहा कि आज भारत की एकजुटता में सरदार पटेल की भूमिका अविस्मरणीय है। इसी गौरवशाली विरासत को सम्मान देने के लिए भारतीय जनता पार्टी उनकी जयंती को राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाती है।
31 अक्टूबर तक आयोजित होंगे विभिन्न संगठनात्मक कार्यक्रम
भाजपा जिलाध्यक्ष फतेहचंद वर्मा ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल केवल एक व्यक्ति नहीं, बल्कि राष्ट्र की एकता, दृढ़ संकल्प और समर्पण के प्रतीक थे। स्वतंत्रता के बाद भारत को मजबूत और अखंड राष्ट्र बनाने के लिए उन्होंने अनेक ऐतिहासिक निर्णय लिए। उनके आदर्श आज भी देश को एकता के सूत्र में बांधने की प्रेरणा देते हैं।
उन्होंने बताया कि सरदार पटेल की जयंती के उपलक्ष्य में 31 अक्टूबर तक विभिन्न संगठनात्मक अभियान एवं कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 29 अक्टूबर को सरदार पटेल की प्रतिमाओं एवं मूर्तियों पर दीपदान कार्यक्रम होगा, जबकि 31 अक्टूबर को ‘रन फॉर यूनिटी’ का आयोजन किया जाएगा, जिसमें पार्टी कार्यकर्ताओं, युवाओं और आम नागरिकों की सहभागिता रहेगी। इन कार्यक्रमों के माध्यम से राष्ट्रीय एकता, अखंडता और सरदार पटेल के विचारों को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने विपक्ष द्वारा लगाए जा रहे वोट चोरी के आरोपों का उल्लेख करते हुए कार्यकर्ताओं से जनसंपर्क के माध्यम से कांग्रेस के आरोपों का जवाब जनता तक पहुंचाने का आह्वान किया
कार्यक्रम का संचालन पिछड़ा वर्ग मोर्चा के जिला महामंत्री कृष्ण मुरारी राजपूत ने किया। संगोष्ठी में पूर्व जिलाध्यक्ष एवं प्रदेश कार्यसमिति सदस्य डॉ. भूदेव सिंह राजपूत, सत्यपाल सिंह क्षेत्रीय मंत्री, धीरेंद्र वर्मा, ठाकुर वीरेंद्र सिंह राठौर तथा आलू विपणन संघ के सभापति विमल कटियार सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी वक्ताओं ने सरदार पटेल के आदर्शों को आत्मसात करने तथा राष्ट्र की एकता और अखंडता को मजबूत बनाने के लिए समर्पित भाव से कार्य करने का आह्वान किया।
मनाई गई सरदार पटेल की जयंती, संगोष्ठी आयोजन
आज आवास विकास कॉलोनी स्थित जिला भाजपा मुख्यालय पर भारत रत्न लौहपुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जन्म जयंती राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाई गई। इस अवसर पर एक संगोष्ठी का आयोजन किया गया, जिसकी अध्यक्षता जिला उपाध्यक्ष जितेंद्र सिंह ने की। कार्यक्रम में प्रदेश कार्यसमिति सदस्य दिनेश कटियार मुख्य अतिथि एवं प्रदेश कार्यसमिति सदस्य सत्यपाल सिंह मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे।
संगोष्ठी को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि प्रदेश कार्यसमिति सदस्य दिनेश कटियार ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने भारत को एक सूत्र में पिरोने का ऐतिहासिक कार्य किया। गृहमंत्री के रूप में उन्होंने भारत को एक सशक्त राष्ट्र बनाने के लिए महत्वपूर्ण निर्णय लिए। उनके दृढ़ संकल्प, अदम्य साहस और कुशल नेतृत्व क्षमता के कारण ही उन्हें लौहपुरुष के नाम से जाना जाता है।
मुख्य वक्ता प्रदेश कार्यसमिति सदस्य सत्यपाल सिंह ने कहा कि सरदार पटेल देश की एकता और अखंडता के प्रतीक हैं। गुजरात में उनकी 182 मीटर ऊंची प्रतिमा स्थापित कर देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनके विचारों और योगदान को वैश्विक पहचान दिलाने का कार्य किया है। वहीं, कांग्रेस ने इतिहास के साथ छेड़छाड़ कर सरदार पटेल के ऐतिहासिक योगदान और महत्व को कम करने का प्रयास किया।
पूर्व विधायक कुलदीप गंगवार ने कहा कि सरदार पटेल के साहस, दूरदर्शिता और दृढ़ इच्छाशक्ति ने देश की नींव को मजबूत किया। उन्होंने रियासतों में बंटे भारत को एकजुट कर अखंड राष्ट्र के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। साथ ही अखिल भारतीय सेवाओं की स्थापना के माध्यम से देश की प्रशासनिक व्यवस्था को भी मजबूत आधार प्रदान किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे जिला उपाध्यक्ष जितेंद्र सिंह ने कहा कि सरदार पटेल का त्याग, समर्पण और राष्ट्रभक्ति प्रत्येक नागरिक को एक भारत-श्रेष्ठ भारत के निर्माण के लिए निरंतर प्रेरित करती रहेगी। राष्ट्र के प्रति उनके योगदान और आदर्श आने वाली पीढ़ियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत बने रहेंगे।
संगोष्ठी का संचालन जिला मंत्री अनुराग सिंह ने किया।
इस अवसर पर पूर्व जिला महामंत्री डी.एस. राठौर, पिछड़ा वर्ग मोर्चा जिलाध्यक्ष उमेश बाबू राठौर, जिला कोषाध्यक्ष संजीव गुप्ता, जिला मीडिया प्रभारी शिवांग रस्तोगी, फतेहगढ़ मंडल अध्यक्ष रमला राठौर, सत्यम कटियार, पिछड़ा मोर्चा जिला उपाध्यक्ष पवन वर्मा, अनुसूचित मोर्चा जिलाध्यक्ष अमित कठेरिया, संतोष राजपूत, नरेंद्र आर्य, दिनेश शर्मा सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
भाजपा के सभी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता चांदपुर स्थित भारत रत्न लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा स्थल पर पहुंचे। जहां सभी ने उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने ‘जय सरदार, जय सरदार’ के गगनभेदी नारे लगाते हुए सरदार पटेल के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की तथा राष्ट्रीय एकता और अखंडता के प्रति संकल्प दोहराया।

























