अधिवक्ता महासभा तहसील सदर का शपथ ग्रहण समारोह कल: भ्रष्टाचार मिटाने का वादा

फर्रुखाबाद (एफबीडी न्यूज) 1 नवंबर 26। अधिवक्ता महासभा तहसील सदर फर्रुखाबाद के निर्वाचित पदाधिकारी का शपथ ग्रहण कल 2 नवंबर को दोपहर 12 बजे नगर पालिका में होगा। तहसील सदर के वरिष्ठ अधिवक्ता जनार्दन दत्त राजपूत के बस्ते पर आज दोपहर महासभा के पदाधिकारियों ने मीडिया से वार्ता की। महासचिव जनार्दन दत्त राजपूत ने बताया कि अधिवक्ता महासभा के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह कल दोपहर 12 बजे नगर पालिका में होगा। बार काउंसिल आफ उत्तर प्रदेश के चेयरमैन शिवकिशोर गौढ़ समारोह के मुख्य अतिथि एवं वाइस चेयरमैन अनुराग पांडे विशिष्ट अतिथि होंगे।

कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती वत्सला अग्रवाल, जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर, पुलिस अधीक्षक श्रीमती आरती सिंह, अपर जिलाधिकारी अरुण कुमार, उप जिला अधिकारी सदर संजय कुमार सिंह, उप महानिरीक्षक निबंधक शिव कुमार दुबे, तहसीलदार विक्रम सिंह चाहर, उप निबंधक तहसील सदर रविकांत यादव मौजूद रहेंगे। श्री राजपूत ने महासभा के सदस्यों की जानकारी के बारे में पूंछे जाने पर बताया की महासभा में आधे से ज्यादा सदस्य हैं, जिनमें कुछ को छोड़कर सभी सीनियर अधिवक्ता है। श्री राजपूत ने बताया कि चर्चा है कि तहसील सदर को ग्राम अदिउली के संग्रहालय में स्थानांतरित किया जाएगा, परेशानी होने के कारण तहसील स्थानांतरण का डटकर विरोध किया जाएगा।

श्री राजपूत ने अधिवक्ताओं के पंजीकृत मुंशियों के बारे में पूंछे जाने पर बताया कि फिलहाल तहसील में कोई भी मुंशी पंजीकृत नहीं है। अधिवक्ता अनुराग तिवारी ने जिला प्रशासन को तहसील स्थल के दक्षिणी ओर नई तहसील भवन का निर्माण कराए जाने का सुझाव दिया जहां पूर्व तहसील का कार्य होता था। महासभा के उपाध्यक्ष संजय चावला ने महासभा की कार्यशैली एवं तहसील में व्याप्त भ्रष्टाचार के सवाल के जवाब में बताया कि तहसील सदर बार एसोसिएशन ने सही ढंग से काम नहीं किया इसीलिए अधिवक्ता महासभा आगे आई है। उन्होंने बताया कि अधिवक्ता महासभा गरीब वादकारियों के मुकदमों की मुफ्त में पैरवी करेगी उनसे छोटे-मोटे कामों का भी कोई खर्चा नहीं लिया जाएगा।

तहसील में व्याप्त भ्रष्टाचार को खत्म करने का प्रयास करेंगे जिसका परिणाम दो माह में दिखेगा। वरिष्ठ उपाध्यक्ष अजय प्रताप सिंह ने बताया की शपथ ग्रहण समारोह के बाद भ्रष्टाचार मिटाने के लिए सामूहिक रूप से निर्णय लेकर समिति का गठन किया जाएगा, इस मामले में सभी अधिवक्ता एकजुट है। पत्रकार वार्ता में संयुक्त सचिव उमाशंकर सक्सेना, अनुज मिश्रा प्रमोद दीक्षित, प्रदीप कुमार एडवोकेट मौजूद रहे। महासचिव जनार्दन दत्त राजपूत ने पत्रकारों को पटुका पहनाकर सम्मानित किया।

error: Content is protected !!