अधिक नशा करने से युवक की मौत: परिजनों का हत्या करने का आरोप

फर्रुखाबाद (एफबीडी न्यूज) 9 नवंबर 26। शमशाबाद थाना क्षेत्र में युवक रजनेश राजपूत की अधिक शराब पीने से मौत हो गई। परिजन हत्या का आरोप लगा रहे हैं जबकि पुलिस घटना को संदिग्ध मान रही है। रजनेश थाना शमशाबाद के ग्राम रमापुर जसू निवासी वीरेंद्र राजपूत का 40 वर्षीय पुत्र था उसकी बीती रात अधिक शराब पीने के कारण मौत हो गई। मृतक के भाई के द्वारा आज सुबह 7.30 बजे थाने पर भाई रजनेश की मौत होने की सूचना दिए जाने से ही घटना संदिग्ध हो गई।

थानाध्यक्ष सचिन चौधरी ने तुरंत ही घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की गहराई से जांच पड़ताल की और मृतक के भाइयों एवं पत्नी के अलग-अलग बयान लिए। सभी ने विरोधाभासी बातें कहीं, किसी भाई ने बताया कि रजनेश को घर से ले जाकर खेत में पीट कर मार डाला गया। जबकि दूसरे भाई ने बताया कि रजनेश की हत्या घर के सामने ही की गई, मैंने जंगले से घटना देखी भय के कारण बाहर नहीं निकला कई लोग रजनेश को पीट रहे थे। जबकि पत्नी ने पुलिस को बताया कि उसके पति की पांच छह लोगों ने मिलकर हत्या की है, पत्नी ने देवर-जेठ के अलावा नेम सिंह से भी पूछताछ किए जाने की मांग की। बताया गया की रजनेश का पुत्र इसी साल अप्रैल माह में विरोधी की लड़की को भगा ले गया था पुलिस ने इस मुकदमे में एफआर लगा दी थी।

जून माह में गांव के नेम सिंह राजपूत ने रजनेश के रिश्तेदार की पिटाई की थी इस केस में पुलिस ने चार्जशीट लगाई है। ग्रामीणों ने पुलिस को बताया कि रजनेश अक्सर शराब के नशे में रहता था। वह बीती रात नशे में गांव जाकर अपना घर भूल गया और पड़ोसी के ही घर में जाकर लेट गया। पड़ोसी की शिकायत पर 112 नंबर पुलिस ने रात करीब 10 बजे रजनेश को घर बाहर से निकालकर उसके घर के पास पहुंचाया। उस समय भी रजनेश नशे के कारण चलने की स्थिति में नहीं था। रजनेश के भाई की पत्नी ने पुलिस को बताया कि यह शराबी है हमसे कोई मतलब नहीं है। क्षेत्राधिकारी कायमगंज ने भी मौके पर जाकर जांच पड़ताल की।

थाना अध्यक्ष सचिन चौधरी ने एफबीडी न्यूज को बताया कि मृतक के शरीर पर कोई जहिरा चोट नहीं थी और न ही कहीं से खून निकला। उसकी कोहनी व घुटने में मामूली चोट के निशान थे। रजनेश शराब पीने का आदी था अधिक शराब पीने से ही उसकी मौत प्रतीत होती है उसके शव का डॉक्टर के पैनल एवं वीडियोग्राफी से पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही मौत की वजह पता चलेगी।

error: Content is protected !!