फर्रुखाबाद (एफबीडी न्यूज़) 9 नवंबर 26। दबंगों ने छात्र अभिषेक सैनी को गोली मारकर घायल कर दिया। पुलिस ने घटना की रिपोर्ट दर्ज करने के बजाय पीड़ित की मदद करने वाले को ही पकड़ लिया। कोतवाली फर्रुखाबाद के मोहल्ला गनेश प्रसाद स्ट्रीट निवासी शैलेंद्र सैनी का 22 वर्षीय पुत्र अभिषेक बीती रात मोहल्ला वूरावाली गली पुराने मकान पर दिवाली की पूजा करने जा रहा था। रात करीब 11 बजे अभिषेक खटकपुरा सिद्दीकी चौराहे के निकट से गुजर रहा था उसी समय विरोधियों ने घेर कर फायरिंग की पैर में गोली लगने से अभिषेक गंभीर रूप से घायल हो गया। 
परिजन अभिषेक को डॉ हरिदत्त द्विवेदी के अस्पताल ले गए वहां से अभिषेक को रात 1.30 बजे लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया। अभिषेक को आज करीब देढ़ बजे वापस डॉ हरिदत्त द्विवेदी के अस्पताल ले जाया गया। डा० द्विवेदी ने एफबीडी न्यूज को बताया कि अभिषेक की बाएं पैर की जांघ के नीचे 315 वोर अथवा 32 बोर का बुलेट फंसा है जिसको ऑपरेशन करके निकाल जाएगा। उन्होंने बताया कि फिलहाल अभिषेक की हालत ठीक है डॉक्टर द्विवेदी ने बताया की स्थिति को देखने से लगता है कि अभिषेक को गोली मारी गई है। अभिषेक के चचेरे भाई आकाश सैनी ने एफबीडी न्यूज को बताया की अभिषेक बीती रात दूसरे मकान पर पूजन करने के लिए जा रहा था तभी चौराहे पर खकटकपुरा सिद्दीकी निवासी आमिर पुत्र मुन्ना, हसनैन उसके पिता नफीस, फिरोज पुत्र रईस आदि ने अभिषेक को घेर लिया आमिर ने मार डालने के लिए अभिषेक के ऊपर तमंचे से फायर किया।
गोली अभिषेक के एक पैर में लगने के बाद दूसरे पैर लगकर फंस गई है। आकाश ने बताया कि अभिषेक डॉक्टर बनने की तैयारी कर रहा है मोहल्ला छावनी निवासी राजा अभिषेक को लेकर डॉक्टर द्विवेदी के अस्पताल गया था। इसी कारण पुलिस ने राजा व उसकी साथी को पकड़ लिया है। रिपोर्ट दर्ज करने के लिए तहरीर लेकर कोतवाली गया था परंतु वहां कोई नहीं मिला। उन्होंने बताया कि पुलिस कह रही है कि अभिषेक ने स्वयं गोली मार ली है। कोतवाली प्रभारी धर्मेंद्र गहलोत एवं घुमना चौकी इंचार्ज बृजनंदन सिंह ने बताया की घटना की जांच की जा रही है पूंछताछ के लिए लोगों को हिरासत में लिया गया उन्होंने बताया कि अभी तक तहरीर नहीं मिली है।











