फर्रुखाबाद (एफबीडी न्यूज) 9 नवंबर 26। जिलाधिकारी आवास पर तैनात होमगार्ड को मार डालने के असफल प्रयास से बड़ा हादसा टल गया। पुलिस ने अभी तक यह जानने का प्रयास नहीं किया की किस व्यक्ति ने होमगार्ड जवान को मार डालने का दुस्साहस किया है। घटना के संबंध में होमगार्ड हरी बाबू ने वाहन चालक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया है। रिपोर्ट के मुताबिक होमगार्ड हरी बाबू जिलाधिकारी के सरकारी आवास पर दिनांक 1-11-26 से तैनात है, उसकी ड्यूटी प्रतिदिन रात्रि 12 बजे से प्रातः 8 बजे तक की रहती है। रोज की भांति वह 8 नवंबर की रात्रि 12 से ड्यूटी पर ऑफीसर्स कालोनी की तरफ खुलने वाले गेट पर तैनात था। सुबह लगभग 5 बजे गेट के दाहिनी तरफ दीवार के पास सड़क किनारे खडा था।
तभी सामने से वैगन आर वाहन संख्या यूपी 76टी/ 9362 के चालक द्वारा जानबूझकर मुझे जान से मारने की नियत से मेरी तरफ स्पीड बढाते हुये गाडी दौडा दी। जिसे देखकर मैं किसी तरह जान बचाकर गेट की तरफ भागा तब जाकर मेरी जान बची । वाहन जिलाधिकारी बंगले की चाहरदीवारी से टकरा गया तथा चाहर दीवारी का एक बडा हिस्सा भी टूट गया। जिससे लाखों रुपये की सरकारी सम्पत्ति की क्षति हो गयी। कार के रुकते ही उसका चालक कार का दरवाजा तोडकर टूटी चाहर दीवारी के अन्दर घुस गया। मेरे चिल्लाने पर बंगले पर तैनात कर्मचारी भागकर मौके पर पहुंचे और चालक को पकड़ने का प्रयास किया तो वह जान से मारने की धमकी देते हुए वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया, जिससे मैं अभी काफी भयभीत हूं। इस मुकदमे की जांच उपनिरीक्षक संजय कुमार दुबे को सौंपी गई है।
जिलाधिकारी के आवास पर होमगार्ड जवान को मार डालने की घटना को फतेहगढ़ पुलिस ने गंभीरता से नहीं लिया है। पुलिस ने अभी तक यह पता नहीं किया है कि घटना के समय वाहन कौन चला रहा था और वाहन का मालिक कौन है। कोतवाली फतेहगढ़ के प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह ने एफबीडी न्यूज को बताया कि कि मुकदमे की जांच चल रही है अभी तक होमगार्ड के बयान नहीं हो पाए हैं। दुर्घटना करने वाले व्यक्ति की जानकारी नहीं की गई है।











