सम्राट अशोक महान जन्मोत्सव की धूम: विधायक शाक्य बोले, हम पाखंडवादी न हो, तो बन जाएं पूज्यनीय

फर्रुखाबाद। (एफबीडी न्यूज़) आज पूरे जिले में सम्राट अशोक महान के 2327 वें जन्मोत्सव की धूम मची है। नगर के चिलसरा के रोड के ग्राम भोपत नगला में महामाया बिल्डर्स के सभागार में सम्राट अशोक महान का जन्मोत्सव बड़ी धूमधाम व हर्षोल्लास पूर्वक मनाया गया। मुख्य अतिथि विधायक सुशील शाक्य ने कहा कि हम सबकी भगवान बुद्ध के प्रति बहुत बड़ी श्रद्धा व आस्था है।

उन्होंने बुद्ध के प्रति आस्थावान होने के बावजूद समाज को अपेक्षित सम्मान न मिलने पर सवालिया निशान लगाते हुए कहा कि हम लोग बुद्ध के आचरण व व्यवहार का पालन नहीं करते हैं। इसलिए हम लोग बहुत बड़े पाखंडी हैं यदि हम लोग बुद्ध के पंचशीलों का पालन करने लगे तो हम लोग पूजनीय हो जाएंगे। श्री शाक्य ने भंते नागसेन की ओर इशारा करते हुए कहा कि इनका सम्मान चीवर पहनने के कारण हजारों वर्षों से किया जा रहा है।

उन्होंने शूद्र शब्द की व्याख्या करते हुए कहा कि शूद्र का मतलब सेवा करने से है। शुरू से ही ब्राह्मण वैश्य शूद्र तीन प्रक्रतियां कर्म से बनी है शुरुआत में कोई जात नहीं थी। धोबी सुनार लोहार जाति नहीं बल्कि कर्म के हिसाब से उन्हें जाना गया है। अंग्रेजों ने 1931 में जनगणना कराई थी तभी काम करने वालों को उनके कामों से पुकारा जाने लगा। उस समय देश का सामान विदेश में बिकने जाता था और उधर से सामान की बिक्री में सोना आता था।

देश में काफी सोना एकत्र हो जाने के कारण भारत को सोने की चिड़िया कहा जाने लगा। तभी सोने को लूटने के लिए लुटेरे भारत में आए थे। सभी जातियों में छोटे बड़े राजा हुए हैं शिक्षा बंद कर दिए जाने के कारण समाज के लोग अशिक्षित रहे गए जिसके कारण उनका शोषण हुआ। भगवान बुद्ध के बाद अंबेडकर ने शिक्षा पर काफी जोर दिया था।

पिछड़े समाज में आईएएस अधिकारियों की काफी कमी होने पर अफसोस जाहिर करते हुए विधायक ने कहा कि आप लोग बेटे को आईएएस बनाने के लिए जरूरत पड़ने पर जमीन बेच दें। बेटे के आईएएस बनने पर जमीन खरीदी जा सकती है जब समाज का व्यक्ति आईएएस बनता है तो उसके समाज के लोगों में काफी खुशी व ऊर्जा का संचार होता है।

भाजपा विधायक ने संकिसा का अधिक से अधिक विकास कराने की जानकारी देते हुए बताया कि अब संकिसा को 24 घंटे बिजली की आपूर्ति मिलेगी इसी के उद्घाटन कार्यक्रम में जल्द ही संकिसा जाना है। उन्होंने बताया कि मैं संकिसा को नगर पंचायत बनवाने के बाद ब्लॉक बनवाने का प्रयास कर रहा हूं। उन्होंने मांग की ओर ध्यान दिलाए जाने पर कहा कि अनुमति मिल जाने पर संकिसा तिराए पर पूर्व सांसद दयाराम शाक्य की प्रतिमा लगवाने का कार्य किया जाएगा।

इससे पूर्व सेवानिवृत्त रजिस्ट्रार कानूनगो शिव कुमार शाक्य ने मौर्य शासन काल पर प्रकाश डालते हुए कहा कि किस जिले में एक बार विधायक व दो बार के सांसद स्वर्गीय दयाराम शाक्य की बदौलत शाक्य समाज का गौरव बडा है। उन्होंने विधायक सुशील शाक्य से संकिसा तिराए पर स्वर्गीय दयाराम शाक्य की आदम कद प्रतिमा लगाए जाने की मांग की। कार्यक्रम में धर्मपाल शाक्य, प्रोफ़ेसर हरगोविंद सिंह।

उन्नतशील किसान नारद कश्यप, अवनीश शाक्य, सेवानिवृत्त रजिस्टार कुलदीप कठेरिया आदि ने सम्राट अशोक के आदर्शों पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम की अध्यक्षता करने वाले रघुवर दयाल मौर्य आगंतुकों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में श्रीमती सरिता शाक्य विजय शाक्य महेश शाक्य महावीर शाक्य लालाराम शाक्य आढती रामौतार शाक्य हेमंत शाक्य नंदराम शाक्य प्रोफेसर प्रियंका वर्मा गंगा सिंह आदि सैकड़ों स्त्री-पुरुष मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन शिवचरन शाक्य ने किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि एवं आगंतुकों का पंचशील पट्टिका से स्वागत किया गया।

संकिसा का कार्यक्रम

संकिसा स्थित धम्मालोंको बुद्ध विहार प्रबंधन एवं सेवा ट्रस्ट के टीन शेड में सम्राट अशोक महान की जयंती मनाई गई। भगवान बुद्ध की प्रतिमा एवं सम्राट अशोक के चित्र पर पुष्प अर्पित किए गए। वक्ताओं ने सम्राट अशोक के शासनकाल में किए गए कार्यों का गुणगान करते हुए भगवान बुद्ध के बताए हुए रास्ते पर चलने का आवाहन किया। कार्यक्रम में भंते डॉ धर्मपाल थेरों, रघुवीर शाक्य, डॉ देवेश शाक्य,भंते धर्म कीर्ति, भंते धम्मा मित्रा आदि करीब दो दर्जन भिक्षु मौजूद रहे।

चिलसरी का कार्यक्रम

कोतवाली कायमगंज के ग्राम चिलसरी स्थित भिक्षु डीआर देव एवं अनागरिक केवी बुद्ध विहार में सम्राट अशोक महान का जन्मोत्सव मनाया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता करने वाले कर्मवीर शाक्य ने सम्राट अशोक के शासनकाल का गुणगान किया। उन्होंने कहा कि सम्राट अशोक ने पूरे देश में शिलालेख लगवा कर स्तूप बनवाए थे नहीं तो मनुवादी लोग बौद्ध संस्कृति को मिटा देते।

उन्होंने अंग्रेज पुरातत्ववेत्ता जॉर्ज कनिंघम की प्रशंसा करते हुए का कि उनके द्वारा कराई गई खुदाई में बौद्ध धर्म के अवशेष मिलने से बुद्ध का कारवां आगे बढ़ा है। कार्यक्रम में लड़ैते लाल उत्तम, सुखराम सिंह शाक्य। डाक्टर दुर्वेश शाक्य, राम सनेही माथुर प्रधानाचार्य बाबूराम, गिरीश बाबू आदि लोग मौजूद रहे।

शमशाबाद में निकाली गई धम्म यात्रा

नगर पंचायत शमशाबाद क्षेत्र में सम्राट अशोक जयंती के अवसर पर धम्म यात्रा निकाली गई। धम्म यात्रा का शुभारंभ जटपुरा अंबेडकर पार्क से हुआ। धर्म यात्रा शमशाबाद बाजार से गुजरते हुए ग्राम मुरली नगर स्थित महामाया बुद्ध विहार पर समाप्त हुई। बुध विहार में आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ रामअवतार गौतम ने की।

शमशाबाद ब्लॉक प्रमुख रामकिशोर वर्मा, जिला पंचायत सदस्य अमरजीत जीतू भैया, कार्यकारिणी संयोजक राजीव शाक्य, मनीष शाक्य, रमाकांत शाक्य, अजीत शाक्य, गौतम शाक्य, राजीव शाक्य, कमलेश यादव बीडीसी, पूर्व प्रधान पप्पू यादव, जितेंद्र पत्रकार व ग्राम वासियों के सहयोग से अशोका अष्टमी मनाई गई।