व्यापारी हत्याकांड में 10 नामजद: 2 गिरफ्तार, वसूला जाता था गुंडा टैक्स, राजमिस्त्री ने लगाई फांसी

फर्रुखाबाद। (एफबीडी न्यूज) कोतवाली फतेहगढ़ के ग्राम सरह में दिनदहाड़े व्यापारी बृजनंदन शुक्ला की हत्या के मामले में 10 लोगों के विरुद्ध नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई है। व्यापारी के पुत्र त्रिपुरारी ने दर्ज कराई रिपोर्ट में गांव के कालीचरन के पुत्र अनिरुद्ध उर्फ बौखा, समरे, अरविंद, गोविंद, सर्वेंद्र, गोपाल तथा महेंद्र सिंह धीरेंद्र पुत्रगण हरपाल सिंह शिवेंद्र पुत्र शिवपाल सिंह व दो अज्ञात व्यक्तियों को आरोपी बनाया है।

रिपोर्ट के मुताबिक त्रिपुरारी के पिता ब्रजनंदन एवं भाई चंदन बीते दिन सुबह 8 बजे दुकान पर बैठे थे तभी आरोपी अवैध असलाह एवं धारदार हथियारों लेकर एक राय से दुकान पर पहुंचे। विरोधियों को देखकर पिता पुत्र ने भागने का प्रयास किया तभी आरोपियों ने एक राय ताबड़तोड़ फायरिंग की तथा कुल्हाड़ी तलवार एवं कांते से प्रहार किए। पिता पुत्र में जान समझ कर उन पर पुनः गोली चलाई गई। इसी दौरान ब्रजनंदन की जेब से 8800 रुपए निकाले गए।

रिपोर्ट के मुताबिक अभियुक्तों ने 19 जुलाई को ब्रजनंदन पर जानलेवा हमला करने के दौरान 3800 रुपए छीन लिए थे जिसकी शिकायत करने पर पुलिस ने कोई कार्यवाही नहीं की। त्रिपुरारी ने रिपोर्ट में कहा है कि यदि पुलिस मुकदमा दर्ज कर लेती तो आज पिता की जान नहीं जाती। घटना के बाद हमलावर सरह पुलिस चौकी के सामने हथियार लहराते हुए फरार हो गए।

रिपोर्ट के मुताबिक आरोपियों का अपराधिक रिकॉर्ड है उन पर गुंडा एक्ट लग चुका है हमलावरों से त्रिपुरारी के परिवारीजनों को जान का खतरा है। त्रिपुरारी ने आरोप लगाया कि हमलावर प्रतिमाह एक रुपए गुंडा टैक्स वसूलते थे। इंस्पेक्टर सचिन सिंह ने बताया की बृजनंदन की हत्या के मामले में आरोपी गोविंद व अरविंद को गिरफ्तार कर लिया गया है।

राजमिस्त्री ने फांसी लगाई

थाना कमालगंज के ग्राम कतरौली पट्टी निवासी स्वर्गीय प्रमोद सिंह के 33 वर्षीय पुत्र राजेंद्र श्रीवास्तव ने खेत में खड़े शीशम के पेड़ से बीती रात फांसी लगा ली। सुबह सूचना मिलने पर परिजन बिलखते हुए मौके पर पहुंचे। राजेंद्र का शव साहुल में प्रयोग की जाने वाली रस्सी से लटका था। बताया गया कि 33 वर्षीय राजमिस्त्री राजेंद्र का बीती शाम पत्नी पूजा से विवाद हुआ था तभी राजेंद्र गुस्से में घर से चला गया था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।