फर्रुखाबाद। (एफबीडी न्यूज़) कमालगंज थाना पुलिस ने बीती रात ग्राम भोजपुर मार्ग पर मुठभेड़ में घायल इनामी अपराधी अर्पित शाक्य को गिरफ्तार कर लिया है। थाना कमालगंज पुलिस बीती बीती रात वांछित अपराधियों को पकड़ने में सक्रिय थी तभी पुलिस को ग्राम भोजपुर मार्ग पर बाइक से संदिग्ध व्यक्ति को आते देखा। पुलिस ने जब उस व्यक्ति को रुकने को इशारा किया तो वह व्यक्ति पुलिस को देखकर भागा और पीछा करने पर पुलिस पर फायरिंग कर दी।
पुलिस ने भी जवाबी गोली चलाई। बाये पैर में गोली लगने से हमलावर घायल हो गया। जिसकी पहचान थाना मऊ दरवाजा के मोहल्ला टिलिया बीबीगंज निवासी अर्पित शाक्य पुत्र रामनरेश के रूप में हुई। अर्पित जनपद कन्नौज थाना गुरसहायगंज के ग्राम बबरापुर का मूल निवासी है। अपर पुलिस अधीक्षक डॉक्टर संजय कुमार ने मीडिया को बताया की अर्पित की गिरफ्तारी पर 25 हजार का इनाम घोषित था। उसे उपचार हेतु सीएससी कमालगंज भेजा गया जहां से लोहिया अस्पताल रेफर किया गया। अन्य विधिक कार्रवाई की जा रही है।
एएसपी डॉक्टर संजय सिंह ने बताया कि शातिर अपराधी अर्पित के कब्जे से मोटरसाइकिल सुपर स्प्लेण्डर, तमंचा 315 बोर, कारतूस 315 बोर व
2 खोखे 315 बोर तथा 300 रुपए बरामद हुए हैं। उन्होंने बताया अभियुक्त अर्पित के विरुद्ध जनपद फर्रुखाबाद और जनपद कन्नौज में चोरी, गैंगस्टर एक्ट,आयुध अधिनियम एवं लड़की भगाकर ले जाने से संबंधित मुकदमे दर्ज हैं।