फर्रुखाबाद। (एफबीडी न्यूज़) भाजपा विधायक सुशील शाक्य ने आज सुबह पंचशील ध्वज फहराकर संकिसा गेस्ट हाउस से धम्म यात्रा को बुद्ध स्तूप के लिए रवाना किया। इस दौरान संकिसा भिक्षु संघ के अध्यक्ष एवं बुद्ध महोत्सव के सह संयोजक भंते डॉक्टर धम्मपाल थैरो एवं बुद्ध महोत्सव के आयोजन धम्मालोको बुद्ध विहार सेवा ट्रस्ट के अध्यक्ष कर्मवीर शाक्य मौजूद रहे।
धम्म यात्रा में भंते चेतसिक बोधि, भंते नागसेन, भंते शीलपिय, भंते धम्म रतन, पूर्व सांसद रघुराज सिंह शाक्य, विधायक सुशील शाक्य, कर्मवीर शाक्य, कन्नौज की जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती प्रिया शाक्य,ओमकार शाक्य, सरदार सिंह शाक्य, राहुल शाक्य एडवोकेट रघुवीर सिंह शाक्य, अवनीश कुमार शाक्य,रामौतार शाक्य, डॉ आलोक शाक्य, डा देवेश शाक्य, सुधीर शाक्य एडवोकेट,विमल शाक्य, पवन शाक्य, लाहौरे शाक्य, संदीप शाक्य, रोहित कुशवाहा, दिवाकर शाक्य आदि लोग शामिल रहे।
यात्रा में बौद्ध अनुयाई पंचशील ध्वज को लहरा कर जोरदार नारेबाजी करते रहे। जब तक सूरज चांद रहेगा बौद्ध धर्म का नाम रहेगा, बौद्ध धर्म की क्या पहचान मानव मानव एक समान। पुरातत्व स्थल पहुंचने पर बौद्ध अनुयायियों ने बुद्ध स्तूप की तीन बार परिक्रमा लगाई। स्तूप के नीचे अगरबत्ती एवं मोमबत्ती लगाकर पूजन किया।
भंते डॉक्टर धम्मपाल थैलो एवं भिक्षु देवेंद्र ने भगवान बुद्ध के अवतरण एवं सम्राट अशोक महान के द्वारा बौद्ध धर्म के कराए गए प्रचार प्रसार के बारे में व्यापक जानकारियां दी। शांति व्यवस्था को बनाए रखने के लिए स्तूप स्थल पर प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
जिला अधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने स्तूप के ऊपर जाकर सुरक्षा का जायजा लिया। स्तूप के नीचे अपर पुलिस अधीक्षक, एसडीएम सदर रजनीकांत एवं सीओ कायमगंज संजय वर्मा मेरापुर थाना अध्यक्ष पुलिस बल के साथ मौजूद रहे। सुरक्षा कारणों से डीएम व एसपी ने मध्य रात के समय संकिसा स्तूप मार्ग का जायजा लिया और रात में गेस्ट हाउस में ही ठहरे। बौद्ध महोत्सव के शांतिपूर्वक ढंग से संपन्न हो जाने पर अधिकारियों ने राहत की सांस ली।
नहीं आए पर्यटन मंत्री
सुबह के पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह बीती रात बुद्ध महोत्सव में नहीं पहुंचे। विधायक सुशील शाक्य ने बताया कि उनके पास कल सुबह पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह का फोन आया था कि मुख्यमंत्री ने बैठक के लिए लखनऊ बुलाया है।