फर्रुखाबाद। (एफबीडी न्यूज़) किसान यूनियन महात्मा टिकैत के कार्यकर्ताओं ने लिंक एक्सप्रेस-वे के प्रस्तावित मार्ग से पीड़ित किसानों की समस्या को दूर करने के लिए धरना प्रदर्शन किया। समस्याओं को दूर करने का ज्ञापन प्रभारी तहसीलदार को दिया गया। मकान गिर जाने से भयभीत ग्रामीणों ने लिंक एक्सप्रेस-वे के रास्ते को परिवर्तित किए जाने की मांग जिलाधिकारी से की है। पीड़ित ग्रामीणों ने डीएम को शिकायती पत्र देकर अवगत कराया कि प्रार्थीगण नगर पालिका खिमसेपुर के गांव नन्दगांव खिमसेपुर के निवासी है। प्रार्थी गणों की जमीन पूर्व ग्राम सभा व वर्तमान नगर पालिका खिमसेपुर के गांव नंदगांव की गाटा संख्या 1116 व 1118 में जमीन स्थित है।
जिस पर हम लोग मकान बनाकर रह रहे हैं और यह जगह नगर पालिका बन जाने के कारण शहरी क्षेत्र में आ गई है। जिसके साक्ष्य के रूप में बिजली का कनेक्शन हुआ है और बिल भी आता है और कई लोगों ने रोजगार से संबंधित MSME बैंक से लोन भी ले रखा है। बीते दिनों गांव के लेखपाल अंकित राठौर हम लोगों के पास आए और बताया कि फर्रुखाबाद का लिंक एक्सप्रेस वे जो बन रहा है वह आपके मकान के ऊपर से निकल रहा है, जिसके कारण आपके मकान तोड़े जाएंगे। वह हमारे आसपास के क्षेत्र की पैमाइश करने लगे हम प्रार्थी गणों ने इस संबंध में लिंक एक्सप्रेसवे से संबंधित कागज मांगने का प्रयास किया तो उनके द्वारा एक लिंक एक्सप्रेसवे से संबंधित नक्शा दिखाया गया।
जिसमें लिंक एक्सप्रेस वे गाटा संख्या 1116 व 1118 हमारे मकान के ऊपर जाते हुए दिखाया गया है इसकी फोटो कॉपी मुझको देते हुए कहा की अपना कही दूसरी जगह रहने का इंतजाम कर लो। यह जानकारी मिलने पर प्रार्थी गण मानसिक रूप से परेशान हो गए हैं।
ग्रामीणों ने कहा है कि जिस प्रकार नगर पालिका क्षेत्र में लिंक एक्सप्रेस वे हमारे मकान के ऊपर निकल रहा है यह एक बहुत बड़ी राजनीतिक षड्यंत्र के आधार पर हो रहा है। क्योंकि हमारे मकान के बगल से ही गाटा संख्या 1102,1103, 1104, 1105, 1132, 1139, 1140 ,814, 815 व 816 व 1445 कृषि भूमि होने के कारण कृषि कार्य हो रहा है। गाटा संख्या 1445 बहुत बड़ा नंबर है और इसमें बहुत बड़ा हिस्सा जमीन का ग्राम समाज और बंजर के रूप में भी दर्ज है। लिंक एक्सप्रेस वे का नगर पालिका खिमसेपुर में रास्ता परिवर्तन करना बहुत ही आवश्यक है, जिससे कि प्रार्थी गणों के शहरी क्षेत्र में आवास सुरक्षित बने रहे।




