सपाइयों ने पकड़ा: वोट काटने का फर्जीवाड़ा

फर्रुखाबाद। (एफबीडी न्यूज़) समाजवादी पार्टी के सक्रिय नेताओं ने वोट काटने के फर्जीवाड़े के प्रयास का खुलासा किया है। सपा नेताओं ने मीडिया को बताया कि आज जनपद की 194 विधानसभा सदर के नवाब दिलावरजंग बूथ संख्या 276 पर 66 फॉर्म, 277 पर 130 फॉर्म तथा बजरिया बड़ा खेल बूथ संख्या 278 पर 14 फॉर्म फर्जी तरीके से भरकर दिए जाने की की सूचना जिला महासचिव इलियास मंसूरी को मिली। उन्होंने तुरन्त पार्टी जिलाध्यक्ष चंद्रपाल सिंह यादव को अवगत करवाया और मौके पर जिलाध्यक्ष के नेतृत्व में पार्टी पदाधिकारी पहुंचे। मौके पर पहुंचे सपा नेताओं से बड़ी संख्या में मौजूद इस फर्जीवाड़े के शिकार क्षेत्रीय मतदाताओं ने बताया कि हमारे सबके नाम काटने के लिए फर्जी फॉर्म नम्बर 7, वैभव सक्सेना, रंजीत कश्यप एवं उमेश कश्यप को आवेदनकर्ता बनाकर सुपर वाइजर संजीव दुबे लेखपाल ने ये फॉर्म बीएलओ को दिए हैं।

जिलाध्यक्ष चंद्रपाल सिंह ने बताया कि भारतीय जनता पार्टी सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग करके लोकतांत्रिक व्यवस्था को कुचलने का प्रयास कर रही है। हम लोग लगातार इस तरह से भरे गए फर्जी फॉर्म की शिकायत तथ्यों के साथ जिम्मेदार उच्चाधिकारियों से कर रहे हैं। इसके बावजूद इस प्रकार के दु:स्साहस में कोई रुकावट नहीं आ रही है। आज के इस प्रकरण के सम्बन्ध में भी संबंधित बीएलओ से वार्ता की गई है। पार्टी की तरफ से कहा गया है कि किसी भी कीमत पर फर्जीवाड़ा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। किसी वैद्य मतदाता का नाम सूची से काटने नहीं दिया जाएगा चाहे हम कट जाएं। यदि कार्यवाही नहीं होगी तो पार्टी आंदोलन करने से भी पीछे नहीं हटेगी।

जिला महासचिव इलियास मंसूरी ने बताया कि सूचना मिली है कि संबंधित बीएलओ पर दबाव बनाया जा रहा है कि मतदाताओं को सूचित किए बिना ही हस्ताक्षर करके फॉर्म सम्मिट करो जिससे ये वोट कट जाएंगे। जबकि ये सभी लोग जीवित और वैद्य मतदाता मौके पर मौजूद हैं। इस तरह के प्रकरण सिर्फ हास्यास्पद और शर्मनाक ही नहीं हैं बल्कि निर्वाचन आयोग की साख और निष्पक्षता पर भी सवाल खड़े करते हैं। पार्टी कार्यकर्ता सजग रहकर इन छलछंदों की मायावी चालों को पकड़ते रहें। जनपद के किसी भी बूथ पर ऐसी कोई आशंका हो तो तुरन्त जिला कार्यालय, जिलाध्यक्ष या हमें सूचित करें, हम सब मौके पर पहुंचकर इन साजिशों को बेनकाब करेंगे। इस प्रकरण में जिम्मेदार लोगों के खिलाफ निर्वाचन आयोग को लिखित शिकायत की जाएगी तथा पार्टी के शीर्ष नेतृत्व को भी अवगत कराया जाएगा।

आज सरेआम निर्वाचन आयोग के लोकतांत्रिक और निष्पक्ष होने के दावे की धज्जियाँ उड़ाई जा रही हैं, फिर भी आयोग अंधा-गूंगा और बहरा हुआ बैठा है। समाजवादी लोग किसी भी कीमत पर इस तरह के दुस्साहस को पूरा नहीं होने दे सकते। जिला प्रवक्ता सचिव राधेश्याम सविता ने बताया कि नैतिक रूप से हार चुकी भाजपा संसदीय हार का सामना करने से डर रही है। इसीलिए इस तरह के काले कारनामे सामने आ रहे हैं। स्वच्छ लोकतंत्र में किसी मतदाता को मतदान से वंचित करने की साजिश करना राष्ट्रद्रोह की श्रेणी में आना चाहिए, यदि ये सब न रुका तो भाजपा ये समझ ले वो दिन दूर नहीं जब जिन्हें कागजों में मृतक बताया गया है वो लोग स:शरीर भौतिक रूप से निर्वाचन आयोग के दरवाजे पर खड़े होकर अपने लोकतांत्रिक अधिकार की मांग करेंगे।

सत्तामद में मदांध लोग ये समझ लें कि जन-विद्रोह की चिंगारी अहंकार की लंका को जलाकर खाक कर देती है और साजिशों की बुनियाद पर बना राजमहल रेत की तरह भर-भराकर ढेर हो जाता है। इस दौरान ब्लॉक बढ़पुर अध्यक्ष मुख्तार आलम तथा संबंधित बूथों पर पार्टी द्वारा नियुक्त बीएलए, एवं बड़ी संख्या में मतदाता उपस्थित रहे।

error: Content is protected !!