फर्रुखाबाद। (एफबीडी न्यूज़) कोतवाली फर्रुखाबाद पुलिस ने रिकवरी एजेंट को घायल करने वाले दबंग रामजी शुक्ला को गिरफ्तार कर चालान कर दिया है। नरायनपुर सेन्ट्रल जेल निवासी प्रवीण कुमार पुत्र भूरे सिंह ने बीते दिन मोहल्ला नुनहाई कटरा निवासी हमलावर रामजी शुक्ला पुत्र यज्ञ प्रकाश शुक्ला के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट के मुताबिक प्रवीण बैंक ऑफ बड़ौदा सेठ गली शाखा में रिकवरी का कार्य करता है। वह 12 फरवरी को शाखा के ऋण प्रबन्धक संदीप कुमार यादव के साथ ऋण खाता धारक राम जी शुक्ला का बकाया अतिदेय राशि जमा कराने के लिए रामजी शुक्ला के घर गए थे। वह ऋण प्रबंधक संदीप कुमार यादव के साथ शाम करीब 4.45 पर उनके घर पहुंचे।
विवाद हो जाने पर रामजी शुक्ला ने प्रवीण की लाठी डंडे से मारपीट कर गाली गलौज किया। जिससे प्रवीण को गम्भीर चोटें आई, उनकी मोटर साईकिल भी तोड कर जान से मारने की धमकी दी गई। प्रवीण ने एफबीडी न्यूज़ को बताया कि मैंने तुरंत ही घटना की जानकारी 112 नंबर पर पुलिस को दी। पुलिस के आने पर मैंने अपनी क्षतिग्रस्त बाइक उठाई। पुलिस ने लोहिया अस्पताल में मेरा डॉक्टरी परीक्षण कराया, हड्डी टूटने की आशंका में मैंने अपने हाथ व सीने का एक्सरे कराया है। प्रवीण ने बताया की राम जी ने खादी ग्रामोद्योग विभाग के द्वारा विजया बैंक से कर्जा लिया था। विजया बैंक का बैंक ऑफ़ बडौदा में विलय हो चुका है। राम जी पर करीब एक लाख रुपए बकाया है वह बैंक की किस्तें जमा नहीं कर रहे हैं। तिकोना चौकी इंचार्ज संजीव कुमार ने बताया कि आरोपी रामजी शुक्ला को गिरफ्तार कर चालान कर दिया गया है।




